क्रोएशिया को पीएम मोदी के सांस्कृतिक तोहफे: राष्ट्रपति को पट्टचित्र पेंटिंग, पीएम को मिला सिल्वर कैंडल स्टैंड

नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी ऐतिहासिक क्रोएशिया यात्रा को यादगार बनाते हुए भारत की धार्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को खूबसूरत उपहारों के माध्यम से वहां की शीर्ष नेतृत्व को भेंट किया। यह पहला मौका था जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री क्रोएशिया के दौरे पर गया हो।इस खास मौके पर पीएम मोदी ने क्रोएशिया के राष्ट्रपति जोरान मिलनोविच और प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच को भारत की पारंपरिक कलाओं से जुड़े शिल्प भेंट किए, जो भारत की विविधता और हस्तशिल्प कौशल को दर्शाते हैं।

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी ने क्रोएशिया के राष्ट्रपति को ओडिशा की प्रसिद्ध पट्टचित्र पेंटिंग उपहार स्वरूप दी। यह चित्रकला शैली कपड़े पर हाथ से बनी पौराणिक कथाओं की चित्रण शैली के लिए जानी जाती है।”पट्ट” का अर्थ है कपड़ा और “चित्र” का मतलब है चित्र। इस परंपरा की शुरुआत भगवान जगन्नाथ, श्रीकृष्ण और रामायण से जुड़े प्रसंगों को चित्रित करने से हुई थी। इसमें प्राकृतिक रंगों और हस्तनिर्मित ब्रश का उपयोग किया जाता है, जो इसे पारंपरिक और पूरी तरह हस्तकला का अद्भुत उदाहरण बनाता है।क्रोएशिया के प्रधानमंत्री को पीएम मोदी ने राजस्थान की पारंपरिक धातुशिल्प कला का प्रतीक सिल्वर कैंडल स्टैंड भेंट में दिया। यह उपहार जयपुर और उदयपुर जैसे शहरों की विश्वविख्यात चांदी की शिल्प परंपरा को दर्शाता है।

इस कैंडल स्टैंड में बारीकी से उकेरे गए फूल-पत्तियों और ज्यामितीय डिजाइनों का अद्भुत संयोजन है। इसकी डिज़ाइन शैली राजस्थानी महलों और मंदिरों की वास्तुकला से प्रेरित होती है, जो इसे एक शाही रूप देती है। यह तोहफा भारत की परंपरा और शिल्प कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण है।प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं में पारंपरिक उपहारों के चयन को सांस्कृतिक कूटनीति का हिस्सा माना जा रहा है। भारत की विविध कला शैलियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना ‘मेड इन इंडिया’ की भावना को सशक्त करता है।इससे पहले साइप्रस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने वहां के राष्ट्रपति को कश्मीरी सिल्क कालीन और उनकी पत्नी को हस्तनिर्मित क्लच गिफ्ट किया था। इसके बदले में उन्हें साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा गया।

Advertisements