खंडवा। जज के बंगले से चंदन के पेड़ चुराने वाले गिरोह के मास्टर माइंड को कोतवाली पुलिस ने एक शादी समारोह से बाराती बनकर पकड़ा। एसपी मनोज कुमार राय के निर्देशन में इनामी फरार आरोपियों की धरपड़क के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कोतवाली का फरार आरोपी आसिफ पुत्र हनीफ निवासी घाटंबरी थान अजंता जिला औरंगाबाद महाराष्ट्र का अजंता में शादी में आने वाला है। आरोपी जिला एवं सत्र न्यायाधीश के बंगले और होम गार्ड कार्यालय के बंगले चंदन के पेड़ काट कर चोरी कर ले गया था। आरोपी करीब दो साल से फरार था। उस पर पुलिस अधीक्षक खंडवा ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
प्रधान आरक्षक रफिक के अनुसार आसिफ ही चंदन के पेड़ चुराने वाले गिरोह का मास्टर माइंड है। इससे पहले इसी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तीन आरोपी अब भी फरार हैं, इन्हें पकड़ने के लिए तलाश जारी है।
पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करेंगे। मास्टर मांइड आसिफ को पकड़ने के संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि वह एक शादी में आना वाला था। वहां सिविल ड्रेस में बाराती बनकर पहुंचे थे
प्रधान आरक्षक रफिक ने बताया कि मास्टर माइंड शादी में खाना खा रहा था। हम लोगों ने पहले ही उसकी घेराबंदी कर ली थी। बाराती बनकर शादी में शामिल हुए थे। आसिफ के खाना खाकर उठने का इंतजार किया, जैसे ही वो जाने लगा, उसे दबोच लिया।
रफिक के अनुसार मास्टर माइंड आसिफ पर महाराष्ट्र में भी कई मामले दर्ज हैं। महाराष्ट्र के छह से सात जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी। पिछले दिनों उसने महाराष्ट्र में फायरिंग की थी। इसके अलावा एक गार्ड को बंधक बनाने का भी मामला उसपर दर्ज है। आसिफ से पुछताछ के लिए बुधवार को महाराष्ट्र की पुलिस भी खंडवा पहुंचेगी।