मंदसौर में करणी सेना पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन:राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह ने कहा- एफआईआर से नाम हटाओ, वरना हटेंगे नहीं

राजपूत समाज के संगठन करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर पर मंदसौर जिले के भावगढ़ में एफआईआर दर्ज हुई है। इसके विरोध में शनिवार को वे अपने हजारों समर्थकों के साथ मंदसौर एसपी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।

Advertisement

समर्थक जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। वह एफआईआर वापस लेने और पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे हैं। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। एसपी अभिषेक आनंद कार्यालय पहुंचे।

Ads

पुलिस ने करणी सेना से कहा कि कानून का पालन करना हमारी जवाबदारी है। कोर्ट ने आपके खिलाफ गिरफ्तारी वारंटी जारी किया है, जिसके चलते हमें गिरफ्तारी करनी होगी। इसके बाद पुलिस और समर्थकों के बीच झूमाझटकी शुरू हो गई। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

जीवन सिंह शेरपुर ने कहा, जब तक एफआईआर नहीं हटाई जाएगी और केस दर्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित नहीं किया जाएगा, तब तक नहीं हटेंगे। प्रशासन जानबूझकर अपराधी बनाना चाह रहा है। पुलिस झूठे मुकदमे दायर कर रही है। वह आरोपियों को जानते जरूर हैं, लेकिन आरोपी पक्ष मेरा कोई लेना-देना नहीं है।

ठेका कर्मचारियों से रंगदारी मांगी, मारपीट की

जीवन सिंह शेरपुर पर आरोप लगा था कि उनके साथियों ने शराब ठेके पर पहुंचकर ठेका कर्मचारियों से एक लाख रुपए महीना रंगदारी मांगी। मना करने पर कर्मचारियों से मारपीट की। जातिसूचक गालियां दीं। मामला SC-ST एक्ट, रंगदारी और मारपीट की धाराओं में दर्ज हुआ।

घटना 26 जून को भावगढ़ थाना क्षेत्र के बेहपुर गांव की है। उसी दिन FIR भी दर्ज हुई थी। मारपीट का वीडियो भी सामने आया। इसके बाद मंदसौर कोर्ट ने जीवन सिंह की गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

पीड़ित बोले- हमें धमकी दी गई, जातिसूचक शब्द कहे

पीड़ित कर्मचारी ऋतिक ने बताया कि 26 जून को वह और उसके साथी ऑफिस में थे। तभी पुष्पेंद्र सिंह, इंद्रपाल सिंह और नागेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने कहा कि हर महीने 1 लाख रुपए दोगे, तभी ठेका चलेगा। मना करने पर मारपीट की गई और कहा कि हम जीवन सिंह शेरपुर के आदमी हैं।

मारपीट में कर्मचारी पुष्कर को गंभीर चोट आई है, जो अस्पताल में भर्ती है। आरोपियों ने गाली-गलौज में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।

जीवन सिंह के खिलाफ 12 केस दर्ज

एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि मामले में 7 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। इसमें जीवन सिंह शेरपुर, पुष्पेंद्र सिंह, इंद्रपाल सिंह, नागेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, सचिन और देवी सिंह शामिल हैं। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। शेरपुर के खिलाफ मंदसौर, रतलाम और नीमच जिलों में पहले से 12 केस दर्ज हैं। वहीं, मंदसौर कोर्ट ने जीवन सिंह शेरपुर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया है। किसी भी हालात में जीवन सिंह को गिरफ्तार करेंगे।

Advertisements