मैहर : पुलिस ने किया अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना सिंह का सम्मान “किशोरियों की सुरक्षा और उनके भटकाव को रोकने के लिए विशेष जागरुकता अभियान प्रबोधिनी चलाया गया “प्रबोधिनी” अभियान के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय मैहर के सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया.
एसपी सुधीर अग्रवाल के निर्देशन में अक्टूबर 2024 में शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाना है. अभियान के तहत जिले के कई स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. कार्यक्रम की विशेष अतिथि अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना सिंह का स्वागत सम्मान किया गया.
अंजना ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुश फतह कर देश का नाम रोशन किया है.वे पुलिस के “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान की भी सक्रिय सहभागी रही हैं।एसपी अग्रवाल ने अंजना सिंह को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एएसपी डॉ. चंचल नागर, समस्त थाना प्रभारी, महिला अधिकारीगण, कई स्कूलों की छात्राएं, शिक्षकगण और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे.
अंजना ने विचार किए साझा
अंजना सिंह ने छात्राओं को आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण और आत्मरक्षा के महत्व पर प्रेरक विचार साझा किए.पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें सतर्क रहने, कानूनी जानकारी रखने और साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी.
भविष्य में अभियान से जुड़ी छात्राओं का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा.इसके माध्यम से उन्हें निरंतर मार्गदर्शन और सहायता मिलेगी। साथ ही वे अन्य किशोरियों तक भी यह संदेश पहुंचा सकेंगी। “प्रबोधिनी” अब एक सामाजिक आंदोलन का रूप ले रहा है जो जिले की किशोरियों को सुरक्षित और सशक्त भविष्य देने की दिशा में कार्य कर रहा है.