Vayam Bharat

मारपीट में युवक की मौत के बाद प्रदर्शन, सागर में महिलाओं ने पुलिस पर फेंकी चूड़ियां

सागर के रहली में मारपीट के बाद हुई युवक की मौत मामले में शुक्रवार को बवाल हो गया। मृतक के परिवार वालों ने सड़क पर शव रखकर 4 घंटे तक चक्काजाम किया। परिवार वालों ने पुलिस पर कार्रवाई में पक्षपात करने का आरोप लगाया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसी दौरान गुस्साई महिलाओं ने पुलिस पर चूड़ियां फेंकी। विरोध-प्रदर्शन होते देख मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश देकर शांत कराने की कोशिश की। लेकिन वह मृतक की मां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने पर अड़ गए। बाद में जांच का आश्वासन मिलने के बाद दोपहर 4 बजे प्रदर्शन को समाप्त कर दिया गया। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से चल रहा था।

Advertisement

पुलिस के अनुसार फरियादी आशिक पिता शेख जलील निवासी वार्ड क्रमांक-11 पंडलपुर ने शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि गुरुवार की रात वह घर से पान की दुकान पर जा रहा था, तभी रास्ते में लालू उर्फ रविकांत ठाकुर मिला। वह गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसका भाई कपिल और पिता मुन्ना ठाकुर आ गए। तीनों ने मिलकर मेरे साथ मारपीट की।

विवाद होते देख शाहरुख पिता तोतू उर्फ रशीद उम्र 24 साल निवासी पंडलपुर बीचबचाव करने के लिए आया। इसी दौरान आरोपियों ने मिलकर शाहरुख के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में शाहरुख गंभीर घायल हुआ। उसे घायल अवस्था में रहली अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के बाद जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में शाहरुख की मौत हो गई। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रविकांत ठाकुर, कपिल ठाकुर, मुन्ना ठाकुर व अन्य के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। शव का पंचनामा बनाया।

पीएम के बाद चौराहे पर शव रख चक्काजाम किया
शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शव परिवार वालों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार वाले शव लेकर निकले और दोपहर 12 बजे सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाइश दी। इस दौरान परिवार के लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई में पक्षपात करने का आरोप लगाया।

Advertisements