गोंडा: पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर आज शहर में बाल श्रम के विरुद्ध एक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं नोडल अधिकारी मनोज कुमार रावत के मार्गदर्शन में थाना AHTU टीम द्वारा किया गया। टीम ने शहर के बाजारों, होटलों और दुकानों में निरीक्षण कर बाल श्रम की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दो नाबालिग बच्चों को कार्य करते हुए पाया गया। इस पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा संबंधित दुकानदार को चेतावनी दी गई कि भविष्य में बच्चों से काम कराते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने दुकानदारों और नागरिकों को बाल श्रम निषेध कानूनों एवं शासन की बाल श्रम विरोधी नीतियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
जनता को 1098 (चाइल्डलाइन), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) जैसे महत्वपूर्ण टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी गई ताकि ज़रूरत पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके। AHTU प्रभारी ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं पर बच्चे कार्य करते हुए दिखाई दें, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। गोंडा पुलिस द्वारा बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।