रेलवे की महिला अफसर सुसाइड केस…पति गिरफ्तार:अवैध संबंध, मारपीट से परेशान थी; परिजन बोले- पैसों की लालच में बेटी से लव मैरिज किया था

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रेलवे महिला अफसर सुसाइड केस में पुलिस ने उसके पति को पकड़ा है। जांच में पता चला है कि ओब्रे हेल (40) के दूसरी महिला से अवैध संबंध और मारपीट से तंग आकर विनीता साहनी (37) ने आत्महत्या की थी।

Advertisement

मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। विनिता साहनी नेशनल बास्केट बॉल प्लेयर और रेलवे की कमर्शियल इंस्पेक्टर रही है। ओब्रे के साथ उन्होंने लव मैरिज की थी। दोनों रेलवे परिक्षेत्र के एनई कॉलोनी में रहते थे। उसने 6 अप्रैल 2024 को फांसी लगा ली।

बेटी के सुसाइड के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि ओब्रे ने पैसे देखकर उसकी बेटी से शादी की थी। लेकिन उसके दूसरी महिला से संबंध थे। परिजनों के बयान और मोबाइल पर मिले सबूत के आधार पर घटना के एक साल बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था

 

इस घटना के बाद से ही परिजनों ने उसकी मौत पर सवाल उठाए थे। उनकी बड़ी बहन रिंकी ने कहा था कि विनीता बेहद स्ट्रॉन्ग थी, सुसाइड नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि घटना के एक दिन पहले वीडियो कॉलिंग से उनकी बात भी हुई थी, तब वो एकदम खुश थी।

दूसरे दिन ऐसा क्या हो गया, जिसके कारण उसे सुसाइड करना पड़ा। रिंकी का कहना है कि विनीता ने सुसाइड नहीं किया है। वो घरेलू हिंसा की शिकार हुई। मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या की गई, फिर फंदे पर लटका दिया। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए न्याय की मांग की थी।

पति ने विभागीय प्रताड़ना का आरोप लगा डायवर्ट किया केस

मामले की जांच में पता चला कि विनीता ने सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र के ओब्रे हेल (40) के साथ प्रेम विवाह किया था। पति आब्रे हेल ने मामले को डायवर्ट करने के लिए शुरूआती जांच में डिपार्टमेंट के सीनियर अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप का आरोप लगाया।

लेकिन, जब विनीता के परिजन दिल्ली से बिलासपुर आए तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। उनका कहना था कि ऑफिशियल दिक्कत होती तो वो जरूर बताती।

1 साल तक मामले को दबाए बैठी रही पुलिस

विनीता के पिता और परिजनों ने पुलिस को बताया था कि ओब्रे हेल ने पैसों की लालच में उसे प्रेमजाल में फंसाया था। जिसके बाद उससे शादी कर ली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति का दूसरी महिलाओं से संबंध होने की बात को लेकर विनीता से अक्सर विवाद होता रहता था।

ओब्रे उसके साथ मारपीट भी करता था। ओब्रे बेरोजगार था। विनीता के कहने पर परिजनों ने उसे जिम खोलकर दिया। नुकसान होने पर दूसरे व्यवसाय के लिए भी पैसे दिए। लेकिन उसे भी उसने अय्याशी में खर्च कर दिया। इन आरोपों के बाद भी पुलिस एक साल तक इस गंभीर मामले को दबाए बैठी रही।

अब केस दर्ज कर पति को किया गिरफ्तार इधर, पुलिस ने जब विनीता साहनी के मोबाइल की जांच कराई तो उसमें ओब्रे हेल द्वारा विनीता से मारपीट के साक्ष्य मिले। सिटी कोतवाली सीएसपी व आईपीएस अक्षय साबद्रा ने कहा कि परिजनों के बयान और मामले की जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पति ओब्रे हेल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

जानिए नेशनल प्लेयर विनीता साहनी के बारे में… मूल रूप से उत्तरप्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली विनीता साहनी रेलवे में कमर्शियल इंस्पेक्टर थीं। वो बॉस्केट बॉल की नेशनल प्लेयर थीं और स्पोर्ट्स कोटे से रेलवे में जॉब मिली थी। उसकी पोस्टिंग बिलासपुर रेलवे जोन में हुई थी। विनीता एनई कॉलोनी में अपनी बेटी और पति के साथ रहती थीं।

Advertisements