मध्य प्रदेश के कुछ जिलों से भले ही मानसून वापस चला गया है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने से कहीं-कहीं बारिश हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को रीवा, शहडोल, जबलपुर, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
गुरुवार को सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक मंडला में 42, रीवा में 41, सीधी में 16, उज्जैन, जबलपुर, उमरिया में तीन, सिवनी में दो, नरसिंहपुर में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव के मुताबिक, दक्षिण ओडिशा एवं उससे लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट पर हवा के ऊपरी भाग में एक प्रभावी चक्रवात बना हुआ है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया में आज बारिश के आसार हैं।
बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के आसार
बंगाल की खाड़ी में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके शुक्रवार को इसके दक्षिणी ओडिशा एवं उससे लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचकर अवदाब के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को अवदाब का क्षेत्र बनने के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।