रायपुर में गांजा तस्करों के 15 घर पर पुलिस ने निगम के साथ मिलकर बुलडोजर चलाया है। आरोपी इन्हीं घरों से बेखौफ होकर सूखा नशे का धंधा कर रहे थे। पिछले हफ्ते पुलिस ने शहर के 40 ठिकानों पर छापेमारी की थी, जहां से नाबालिगों समेत करीब 60 महिला-पुरुषों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस की सख्ती के चलते बड़ी संख्या में तस्कर अंडर ग्राउंड या शहर छोड़कर भाग रहे हैं।
दरअसल, खमतराई थाना इलाके के डेरापारा में सबसे ज्यादा गांजा और अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें थी। दुर्ग-राजनांदगांव के ज्यादातर लोग गांजा तस्करी के लिए रायपुर में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। उन्होंने निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था।
अतिक्रमण कर रह रहे थे तस्करी
जब आरोपियों के मकानों के संबंधित निगम से जानकारी मांगी गई। निगम ने अतिक्रमण होने की पुष्टि की। सभी मकानों में बिजली भी सप्लाई भी हुई थी। इसकी जानकारी बिजली विभाग से भी मांगी गई, जो अवैध पाई गई।
इसके बाद तस्करों के मकानों पर कार्रवाई के लिए निगम और बिजली विभाग को चिट्ठी लिखी गई। पुलिस की टीम ने निगम के अमले के साथ मिलकर अतिक्रमण करने वाले 15 मकानों को तोड़ दिया है। इन मकानों में कोई नहीं था, जबकि वहां रहने वाले 13 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें मकान छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
दो महिलाएं अवैध शराब के साथ पकड़ाई थी
इसी तरह खमतराई पुलिस ने 21 सितंबर को आरटीओ ऑफिस के पास डेरापारा रावांभाठा में रेनु सोनवानी और चांदनी सोनी को अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा था। इनके पास से 181 बोतल देशी शराब जब्त किया गया था। पुलिस ने इसी मोहल्ले पर बने अवैध घरों पर बुलडोजर चलाया है।
शहर के दूसरे इलाकों में भी शिकायतें
इसके अलावा तेलीबांधा, कालीबाड़ी और कुकुरबेड़ा में भी सूखा नशा बेचने की सबसे अधिक शिकायतें हैं। यहां से गांजा के साथ टैबलेट और सिरप भी खुलेआम बेचे जा रहे हैं। पुलिस छापा मारकर इन्हें पकड़ती है, लेकिन इनके परिजन नशे का कारोबार शुरू कर देते हैं। वहीं आरोपी जेल से छूटकर फिर गांजा बेचने लगते हैं। इसलिए इन इलाकों में भी तस्करों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
गांजा पीने वालों पर भी कार्रवाई
रायपुर में पुलिस तस्करों के साथ नशा करने वालों पर भी कार्रवाई कर रही है। नए कानून में गांजा पीने वालों पर कार्रवाई का प्रावधान दिया गया है। इसलिए जो भी गांजा पीते हुए पकड़े जा रहे हैं। उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
तेलीबांधा में गांजा तस्करी करते दो युवक गिरफ्तार
वहीं, 22 सितंबर को तेलीबांधा इलाके में गांजे की तस्करी करते पुलिस ने आरोपी गुज्जर गोपाल और मिलू कुमार को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 6 किलो गांजा मिला। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
आरोपी ओडिशा से 6 किलो गांजा लेकर आए थे। उसे अवंति विहार तालाब के पास पुड़िया बनाकर बेच रहे थे। मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर दोनों को पकड़ा गया। आरोपियों का मोबाइल जांच के लिए लैब भेजा गया है। ओडिशा के तस्करों की जानकारी भी निकाली जा रही है।
19 सितंबर को भी पुलिस ने मारा था छापा
इससे पहले, 19 सितंबर की सुबह 4 बजे पुलिस अधिकारियों ने 25 से अधिक टीम बनाकर नशे के सामानों की बिक्री करने वाले आरोपियों के संभावित ठिकानों पर रेड मारी थी। जहां से नाबालिग समेत 14 आरोपियों को पकड़ा गया। उनसे पास से 600 ग्राम अफीम और 24.070 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
इसके अलावा, अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनसे 614 पौवा शराब और 1750 रुपए कैश जब्त किया गया। इसी तरह अपने पास धारदार हथियार रखने वाले 8 आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं, फरार आरोपियों के संभावित ठिकाने में दबिश देकर 12 स्थायी गिरफ्तारी वारंट तामिल किए गए। साथ ही शांति व्यवस्था बाधित करने वाले 50 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
रायपुर रेंज में चल रहा ऑपरेशन निश्चय
बता दें कि, रायपुर रेंज में पुलिस अवैध गतिविधियों में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ कार्रवाई कर रही है। रायपुर रेंज IG अमरेश मिश्रा के निर्देश में जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध कार्यों में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए ‘‘निश्चय अभियान‘‘ चलाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस रेंज के पांच जिलों में सूखा नशे बेचने वाले और असामाजिक तत्वों की धड़पकड़ कर रही है।