Vayam Bharat

राम रहीम की पैरोल को सशर्त मंजूरी, EC ने हरियाणा जाने और चुनाव प्रचार करने पर लगाई रोक

चुनाव आयोग ने डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की पैरोल की याचिका को शर्तों के साथ मंजूरी दे दी है. पैरोल के वक्त के दौरान गुरमीत राम रहीम के हरियाणा में दाखिल होने पर रोक रहेगी. गुरमीत राम रहीम किसी भी चुनाव प्रचार की गतिविधि में शामिल नहीं हो सकता है और ना ही गुरमीत राम रहीम सोशल मीडिया के माध्यम से किसी चुनाव प्रचार की गतिविधि में शामिल होगा.

Advertisement

इन शर्तों के साथ गुरमीत राम रहीम को पैरोल देने की याचिका को चुनाव आयोग ने मंजूरी दे दी है. इन शर्तों का उल्लंघन करने पर तुरंत ही गुरमीत राम रहीम की पैरोल रद्द हो जाएगी.

अब हरियाणा सरकार गुरमीत राम रहीम के पैरोल पर बाहर आने पर जल्द ही आदेश जारी कर सकती है. संभव है कि गुरमीत राम रहीम कल जेल से बाहर आ सकता है और इस दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत के बरनावा आश्रम में रह सकता है.

राम रहीम ने 20 दिन की पैरोल मांगी थी. आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण, राज्य सरकार ने पैरोल का अनुरोध मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) को भेजा था. सीईओ ने बदले में दोषी की रिहाई के लिए आकस्मिक और बाध्यकारी परिस्थितियों के बारे में जानकारी मांगी थी.

गुरमीत को कब-कब मिली पैरोल या फरलो?

24 अक्टूबर 2020: राम रहीम को पहली बार अस्पताल में भर्ती मां से मिलने के लिए 1 दिन की पैरोल मिली.

21 मई 2021: मां से मिलने के लिए दूसरी बार 12 घंटे की पैरोल दी गई.

7 फरवरी 2022: परिवार से मिलने के लिए डेरा प्रमुख को 21 दिन की फरलो मिली.

जून 2022: 30 दिन की पैरोल मिली. यूपी के बागपत आश्रम भेजा गया.

14 अक्टूबर 2022: राम रहीम को 40 दिन की लिए पैरोल दी गई. वो बागपत आश्रम में रहा और इस दौरान म्यूजिक वीडियो भी जारी किए.

21 जनवरी 2023: छठीं बार 40 दिन की पैरोल मिली. वो शाह सतनाम सिंह की जयंती में शामिल होने के जेल से बाहर आया.

20 जुलाई 2023: सातवीं बार 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया.

21 नवंबर 2023: राम रहीम को 21 दिन की फरलो लेकर बागपत आश्रम गया.

19 जनवरी 2024: 50 दिनों के लिए पैरोल पर जेल से बाहर आया. ये वो समय था, जब लोकसभा चुनाव करीब आ गए थे.

13 अगस्त 2024: 21 दिन की फरलो को हाईकोर्ट ने मंजूरी दी. अब कहा जा रहा है कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव और यूपी में उपचुनाव नजदीक हैं.

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह दो शिष्यों से बलात्कार के मामले में 20 साल की सजा काट रहा है.  डेरा प्रमुख इस समय रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है.

Advertisements