बैरसिया में शादी के तीसरे दिन विवाहिता से रेप:जेठ ने दिया वारदात को अंजाम, पति कहता था भाई की करतूत किसी को मत बताना

बैरसिया में रहने वाले एक युवती ने प्रेम विवाह किया। शादी के तीसरे दिन शराब के नशे में उसके जेठ ने रेप किया। जेठ की करतूत जब पति को बताई गई तो उसने चुप रहने के लिए कहा। बाद में आरोपी जेठ की हरकतें लगातार बढ़ती चली गईं, तब महिला ने थाने में पहुंचकर केस दर्ज कराया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि 20 वर्षीय युवती ने जनवरी में बैरसिया की एक कॉलोनी में रहने वाले युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह अपनी ससुराल पहुंच गई। तीन दिन बाद ही जब महिला का पति घर पर नहीं था तो उसके जेठ ने शराब के नशे में उसके साथ रेप किया। पति जब वापस लौटा तो महिला ने उसे पूरी बात बताई। पति उसकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ तो महिला ने यह बात अपनी सास को भी बताई। दोनों ने ही उसकी बात को नहीं माना तथा धमकी दी कि अगर किसी को कुछ भी बताया तो घर से निकाल देंगे।

दोबारा रेप की कोशिश करने पर थाने पहुंची पीड़िता

ससुराल वालों की धमकी मिलने से महिला चुप हो गई। इसी बीच उसकी चुप्पी का फायदा उठाकर जेठ फिर से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। परेशान होकर महिला ससुराल से भागी तथा पुलिस को शिकायत कर दी। पुलिस ने इस मामले में जेठ के खिलाफ रेप का प्रकरण दर्ज किया है तथा पति, सास समेत तीन को सह आरोपी बनाया है। आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

महिला की मांग भरकर रेप

इधर सूखी सेवनिया पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय महिला भोपाल के एक कॉलोनी में रहती थी। दो महीने पहले उसके पति की मौत हो गई थी। महिला पूर्व से अरविंद जैन नाम के युवक को जानती थी। पति की मौत के बाद युवक ने नजदीकियां बढ़ाईं तथा शादी करने का झांसा दिया। महिला उसके झांसे में आ गई तो गत 19 अप्रैल को वह महिला को अपने घर ले गया। यहां पर उसने मांग भरकर महिला से शादी कर ली। इसके बाद उसने महिला का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।

दस दिन बाद घर से निकाल दिया

करीब दस दिन तक शारीरिक शोषण करने के बाद युवक ने महिला को अपने घर से भगा दिया। महिला ने मंगलवार की रात पुलिस को मामले की शिकायत कर दी। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सूखी सेवनिया पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर पता चला है कि आरोपी के पास एक वाहन है जिसे वह खुद ही चलाता है।

Advertisements
Advertisement