बेतवा नदी में 15 घंटे से फंसी गाय का रेस्क्यू:होमगार्ड जवानों ने नाव से पार कर कीचड़ से निकाला, पशु चिकित्सक से कराया इलाज

विदिशा में गुरुवार को बेतवा नदी में पानी पीने के दौरान गाय कीचड़ में फंस गई। ग्रामीणों ने गाय को निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। बाद में होमगार्ड जवानों ने 15 घंटे की कड़ी मेहनत कर गाय को कीचड़ से बाहर निकाला। उसे नाव से सुरक्षित किनारे तक लाया गया। बाद में पशु चिकित्सक से इलाज कराया।

Advertisement

स्थानीय लोगों के अनुसार बेतवा नदी के बड वाले घाट पर गाय गुरुवार को शाम को पानी पीने के दौरान कीचड़ में फंस गई थी। लोगों ने पहले खुद बचाने का प्रयास किया। लेकिन वो नहीं निकाल पाए, इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी।

जानकारी के अनुसार नदी के दूसरे किनारे पर कटाव की वजह से जमीन कीचड़ से भर गई है। घाट न होने के कारण मवेशी फंस जाते हैं।

15 घंटे की कड़ी मशक्कत से गाय को निकाला बाहर

शुक्रवार सुबह होमगार्ड सैनिक कपिल पाराशर श्रमदानियों के साथ घाट पर पहुंचे और उन्होंने बचाव अभियान शुरू किया। सबसे पहले 5-6 लोगों की टीम ने नाव से नदी पार की। बचाव दल ने लगभग 15 घंटे की कड़ी मेहनत कर गाय को कीचड़ से बाहर निकाला। उसे सुरक्षित किनारे तक लाया गया। बाद में पशु चिकित्सक से इलाज भी कराया गया।

Advertisements