MP में शिवपुरी नगर पालिका के सभी 18 पार्षदों के इस्तीफे अमान्य, बची अध्यक्ष की कुर्सी

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र शिवपुरी में भाजपा शासित नगर पालिका के अध्यक्ष के खिलाफ पार्टी के ही आधे पार्षदों के विरोध को झटका लगा है। अविश्वास प्रस्ताव को मजबूरन वापस लेने के बाद अब उनके सामूहिक इस्तीफे को भी कलेक्टर ने अमान्य कर दिया है। ऐसे में फिलहाल जहां नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा की कुर्सी से खतरा टल गया है वहीं भाजपा को भी पार्षदों को मनाने का समय मिल गया है।

शिवपुरी नगर पालिका में ढाई माह से चल रहा विवाद प्रदेश सरकार व भाजपा संगठन के लिए मुश्किल बन गया है क्योंकि यहां नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा के ही आधे से ज्यादा पार्षदों के साथ कुछ कांग्रेसी व निर्दलीय पार्षद लामबंद हैं। पार्टी पदाधिकारी लगातार उन्हें संतुष्ट करने के लिए कई बैठकें कर चुके हैं फिर भी 26 पार्षदों ने नपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला दिया था।

मामला प्रशासनिक गलियारे में पहुंच गया

यह प्रक्रियाधीन था तभी कुछ पार्षदों को मनाने में पार्टी कामयाब हो गई वहीं प्रदेश सरकार की ओर से भी अविश्वास प्रस्ताव की समयाविधि बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, क्योंकि शिवपुरी की तरह ही प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में ऐसी उथल-पुथल की आशंका थी। 18 पार्षदों ने दूसरे विकल्प के रूप में कलेक्टर को सामूहिक इस्तीफा सौंपा था, जिससे मामला पार्टी के हाथ से निकलकर प्रशासनिक गलियारे में पहुंच गया था।

नपा में पार्षदों की स्थिति

  • कुल पार्षद – 39
  • भाजपा – 22
  • कांग्रेस – 10
  • निर्दलीय – 7

अंतुष्ट पार्षद

  • भाजपा – 11
  • कांग्रेस – 4
  • निर्दलीय – 3
Advertisements
Advertisement