आज बिलासपुर में RSS प्रमुख मोहन भागवत: ‘लोकहितकारी काशीनाथ स्मारिका’ का करेंगे विमोचन, पहली बार ठहरेंगे रातभर

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत आज शनिवार को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान बिलासपुर के सिम्स ऑडिटोरियम में उनका उद्बोधन होगा। इस अवसर पर स्व. काशीनाथ गोरे की स्मृतियों पर आधारित “लोकहितकारी काशीनाथ स्मारिका’ का विमोचन भी करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। साथ ही विशेष अतिथि के रूप में संघ के मध्य क्षेत्र के क्षेत्रिय संघचालक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना मौजूद रहेंगे। उनके आने को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वहीं, ऑडिटोरियम परिसर को सील कर दिया गया है। काशीनाथ ने समाज और राष्ट्र की सेवा में लगा दिया जीवन आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और सचिव बृजेन्द्र शुक्ला ने बताया कि, स्मारिका में स्व. काशीनाथ गोरे के सामाजिक योगदान, पारिवारिक जीवन और राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रेरणादायी संस्करणों को समाहित किया गया है। काशीनाथ गोरे ने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा में लगा दिया था। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। इस स्मारिका के माध्यम से उनके कार्यों और विचारों को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। इस कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के विशिष्ट लोगों के साथ ही भाजपा के कई दिग्गज नेता, मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे। लोकसभा चुनाव के पहले किया था दौरा, पहली बार बिताएंगे रात इससे पहले RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत लोकसभा चुनाव के पहले बिलासपुर दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चर्चा की थी। वहीं, साल 2021 में संघ के समरसता कार्यक्रम में मुंगेली जिले के मदकूद्वीप आए थे। जहां उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया था। इस बार उनका यह कार्यक्रम संघ प्रायोजित नहीं है। बल्कि, ट्रस्ट का आयोजन है। पहली बार RSS प्रमुख भागवत बिलासपुर में रात बिताएंगे। जिसके बाद रविवार की सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना होंगे। संघ प्रमुख को मिली है जेड प्लस सुरक्षा, एसपीजी ने किया रिहर्सल उनके आने से पहले सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की जा रही है। एसपीजी ने शुक्रवार को उनकी सुरक्षा का रिहर्सल किया। पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों के साथ एसएसपी रजनेश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आरएसएस प्रमुख के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्धों से पूछताछ की जारी है। वे ट्रेन से यहां पहुंचेंगे। इसके लिए रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाई गई है। आज यात्रियों को स्टेशन पहले आने के लिए कहा गया है। शहर में उनकी सुरक्षा के लिए अधिकारी और जवानों के साथ करीब 300 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीआरपीएफ, सशस्त्र अर्धसैनिक के जवान और नगर सैनिकों को जिम्मेदारी दी गई है। सिम्स ऑडिटोरियम परिसर को शुक्रवार से ही सील कर दिया गया है। यहां आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। सिम्स के सामने के दोनों गेट खोले गए आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा बलों के साथ बाकी लोगों की भी भीड़ रहेगी। इसे देखते रेख हुए मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए सामने के दोनों गेट को खोल दिए गए हैं। सिम्स प्रबंधन ने मरीज और उनके परिजनों के लिए अलग से व्यवस्था करने का दावा किया है। साथ ही कहा कि कार्यक्रम के दौरान मरीजों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।
Advertisements
Advertisement