सतना जिले के अमरपाटन से कांग्रेस विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह के द्वारा साधु-संतों पर दिए गए विवादित बयान के बाद उज्जैन के महामंडलेश्वर, महंत और साधु-संत भड़क गए है। संतों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधायक का सिर काटने और दौड़ा-दौड़ा कर पीटने की बात कही है।
बुधवार को सतना के एक गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक राजेंद्र कुमार सिंह ने साधु-संतो को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने साधु-संतों और महामंडलेश्वरों की तुलना सांड से की थी। उन्होंने कहा
भाजपा ने साधु-संत, संन्यासी, बाबा बैरागी और महामंडलेश्वरों को छोड़ दिया जनता के बीच। जाओ हिंदुत्व की बात करो, भाजपा का प्रचार करो, सनातन की बात करो। और ये सांड.. चर रहे हैं दूसरों का खेत। ये जो भारत की पहचान है, धर्म निरपेक्षता की, समाजवाद की। संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती, सब कुछ चरमरा रही है।
विधायक द्वारा साधु-संतो, महामंडलेश्वरों की तुलना सांड से करने की खबर उज्जैन के अखाड़ों में पहुंची तो यहां विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। कई साधु-संतों इस बात का विरोध करते हुए विधायक को दौड़ा दौड़कर पीटने सहित सबसे घटिया विधायक बताया। संतो ने कहा की ऐसे विधायकों के सर काटने का काम साधु करेंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन में दिया विवादित बयान
दरअसल मध्यप्रदेश के सतना जिले में कांग्रेस ने जिला स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद थे। इसी कार्यक्रम में मंच से विधायक ने साधु-संतों और महामंडलेश्वरों को लेकर विवादित बयान दिया था।
राक्षस प्रवृति के विधायक का वध करने का काम करेंगे साधु
अयोध्या से संत शिवदास त्यागी ने कहा कि साधु संतो को सांड बोला है। उन्होंने गलत बोला है। अगर हमारे महामंडलेश्वर आदेश करेंगे तो ऐसे राक्षस प्रवृति के विधायकों के सर काटने के काम युवा साधु करेंगे। विधायक माफी मांगे नहीं तो युवा साधु वध करने का काम करेगा। कांग्रेस अपनी मानसिकता को सुधार ले। वर्ना परिणाम भयानक होंगे।
दौड़कर-दौड़कर पीटूंगा, जानवर जैसा बना दूंगा
उज्जैन में स्थानीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रामेश्वर दास ने कहा कि साधु इतना कमजोर नहीं है। उसे शास्त्र और शस्त्र भी चलना आता है। इस तरह के विधायक उज्जैन आ जाए तो इनकी दुर्गति हो जाएगी। इसकी हम निंदा करते है।
इधर साधु महावीर नाथ ने कांग्रेस विधायक राजेंद्र कुमार सिंह को सबसे घटिया विधायक बताया। उन्होंने कहा कि साधु संत को ये जानता नहीं है, कही मिल जाए तो दौड़कर दौड़कर पीटूंगा, जानवर जैसा बना दूंगा।