सहारनपुर: जिले में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। साथ ही, गणमान्य नागरिकों के साथ एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें यात्रा को शांति और सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि इस बार यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहला चरण 10/11 जुलाई की रात से शुरू होकर 17/18 जुलाई की रात तक चलेगा। इस दौरान पूरे शहर में कांवड़ मार्ग को दो हिस्सों में बांटा जाएगा, एक ओर केवल कांवड़िए चलेंगे, जबकि दूसरी ओर हल्के वाहनों की आवाजाही होगी। वहीं दूसरे चरण में कांवड़ मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और केवल कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान मुख्य मार्गों पर अन्य सभी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।
World War 3 will be for language, not land! pic.twitter.com/0LYWoI3K0r
— India 2047 (@India2047in) July 4, 2025
पूरे कांवड़ मार्ग को 10 ज़ोन, 21 सेक्टर और 52 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां लगातार ड्यूटी तैनात रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की मदद से निगरानी की जाएगी, जिसकी लाइव फीड एडीजी जोन, डीआईजी सहारनपुर, एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के पास उपलब्ध रहेगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य बस अड्डा अग्रसेन चौक को दो भागों में स्थानांतरित किया जा रहा है, एक मानक मंडी और दूसरा काशीराम बस अड्डे पर। इसके अलावा, यात्रा के दौरान यातायात सुगम बनाए रखने और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए ई-रिक्शा सेवा भी शुरू की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि बीते वर्षों की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई जाएगी।