Satna News: गिरफ्तारी के दो घंटे बाद पार्टी ने लिया एक्‍शन, भाजयुमो कोठी मंडल अध्यक्ष अभिनव गौतम निष्‍कासित

सतना। रैगांव विधानसभा क्षेत्र के कोठी मंडल के भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिनव गौतम को शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के महज़ दो घंटे बाद ही भाजपा जिला इकाई ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।

जिला अध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि भाजपा किसी भी परिस्थिति में संगठन की छवि धूमिल करने वाले कार्यों को बर्दाश्त नहीं करती। सोशल मीडिया पर शराब तस्करी का मामला सामने आने और गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद तत्काल प्रभाव से यह कदम उठाया गया है।

प्रदेशाध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई की प्रतिलिपि प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं सम्भाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजी गई है।

भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया है कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। संगठन के पद पर रहते हुए कोई भी नेता या कार्यकर्ता कानून या नैतिकता के विपरीत काम करेगा तो उस पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम से संगठन ने साफ कर दिया है कि भाजपा में अनुशासन और छवि के साथ किसी भी तरह का समझौता संभव नहीं है।

 

Advertisements
Advertisement