जबलपुर : संभाग के सबसे बड़े सरकारी महिला कॉलेज की प्रोफेसर की खून से सनी लाश मिलने से सनसनी मच गई। महिला प्रोफेसर डॉक्टर प्रज्ञा अग्रवाल की लाश घर के फर्श पर खून से लथपथ मिली.रोज की तरह घर में काम करने वाली एक महिला जब प्रोफेसर के घर पहुंची तो दरवाजा नहीं खुला, काफी देर के बाद जैसे तैसे दरवाजा खोला गया तो फर्श पर महिला प्रोफेसर डॉक्टर प्रज्ञा अग्रवाल की लाश पड़ी हुई थी.
तत्काल इसकी खबर पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का बारीकी से मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में जबलपुर के शासकीय होम साइंस कॉलेज में पदस्थ महिला प्रोफेसर डॉक्टर प्रज्ञा अग्रवाल की कलाई और गले में गहरी चोटों के निशान है.महिला प्रोफेसर की मौत को पुलिस संदिग्ध मान रही है.
पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतका डॉक्टर प्रज्ञा अग्रवाल जबलपुर के शासकीय होम साइंस महिला महाविद्यालय में बॉटनी की प्रोफेसर थी और वे 6 महीने पहले ही दमोह से ट्रांसफर होकर जबलपुर आई थी, वे जबलपुर के गढ़ा थाना इलाके के गंगासागर स्थित अंबर विहार कॉलोनी में रहती थीं.
महिला प्रोफेसर डॉ प्रज्ञा अग्रवाल की मौत क्यों और किन हालातो में हुई है यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। परिजन भी समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर 58 साल की बॉटनी की प्रोफेसर की मौत कैसे हुई। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घर पर आने जाने वालों से जानकारी जुटा रही है.