शाजापुर: सूदखोरों की यातना से परेशान भाजपा वार्ड अध्यक्ष ने खाया जहर, वीडियो में छलका दर्द

शाजापुर। शहर के वार्ड क्रमांक 21 के भाजपा वार्ड अध्यक्ष अनिल सौराष्ट्रीय ने सूदखोरों की प्रताड़ना और पार्टी से उपेक्षा से आहत होकर जहर खा लिया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। घटना से पहले अनिल ने एक वीडियो रिकार्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने अपनी बेबसी और पीड़ा बयां की।

Advertisement

वीडियो में अनिल कहते हैं कि उनकी पत्नी ने स्व-सहायता समूह से लिया गया कर्ज समय पर नहीं चुका पाने के कारण उन्हें निजी सूदखोरों से उधारी लेनी पड़ी।

यह कर्ज 10 से 20 प्रतिशत मासिक ब्याज पर मिला, जिससे वह कर्ज के दलदल में फंसते चले गए।

उन्होंने बताया कि एक मित्र ने चेक के माध्यम से कर्ज दिलवाया, लेकिन अब वह भी कानूनी पचड़े में फंस चुके हैं।

अनिल ने वीडियो में भाजपा पर भी तीखा आरोप लगाया। उन्होंने कहा “मैंने वर्षों तक पार्टी के लिए काम किया।

पार्षद चुनाव में मुझ पर चाकू से हमला तक हुआ, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। पार्टी जानती थी कि मैं किन हालात से गुजर रहा हूं, फिर भी कोई मदद नहीं मिली।

वीडियो के अंत में अनिल की आवाज रुक-रुक कर आती है और वे कहते हैं अब जीने की हिम्मत नहीं बची है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना सूदखोरी के बढ़ते खतरे को उजागर करती है।

Advertisements