बलरामपुर। झारखंड के गढ़वा जिले के बाहोकुदर गांव में एक नवविवाहिता द्वारा शादी के महज 36 दिन बाद अपने पति की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपित पत्नी सुनीता सिंह ने पहले पति से कीटनाशक खरीदवाया और फिर उसी जहर को खाने में मिलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मंगलवार को सुनीता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
युवती का कहना था, ‘पति पसंद नहीं’
पुलिस के अनुसार, 11 मई 2025 को बाहोकुदर निवासी 22 वर्षीय बुधनाथ सिंह की शादी छत्तीसगढ़ के विशुनपुर (रामचंद्रपुर थाना) निवासी रघुनाथ सिंह की बेटी सुनीता सिंह से हुई थी। शादी के अगले ही दिन सुनीता अपने मायके चली गई थी। उसने स्पष्ट कहा कि उसे पति पसंद नहीं है। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई और 5 जून को सुनीता दोबारा ससुराल लौटी। 14 जून को पति-पत्नी बाजार गए, जहां सुनीता ने कीटनाशक खरीदने की बात कहकर पति से जहर खरीदवाया। अगले दिन रात के खाने में सुनीता ने मुर्गा-भात में वही कीटनाशक मिलाकर पति को खिला दिया, जिससे बुधनाथ की मौत हो गई।
सास पर ही लगाया जहर देने का आरोप
मृतक की मां राजमती कुंवर ने बहू पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की। पहले पूछताछ में सुनीता ने सास पर आरोप मढ़ा कि उसने खाने में जहर मिलाया था। उसका दावा था कि जहर मिला खाना उसे देना था, लेकिन गलती से सास ने बेटे को खिला दिया। हालांकि पुलिस की सख्ती और साक्ष्यों के बाद सुनीता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
महिला ने आरोप स्वीकारीरंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को जेल भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।