उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां ग्राम अकौड़िया की रहने वाली बुज़ुर्ग महिला मालती देवी को उसके ही बेटे और बहू ने घर से निकाल दिया। पति की 2020 में मृत्यु के बाद से ही मालती देवी प्रताड़ना झेल रही हैं। अब हालात यह हैं कि वह फुटपाथ पर रहने को मजबूर हैं और मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रही हैं।
मालती देवी ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा और बहू न केवल उन्हें प्रताड़ित करते हैं बल्कि जान से मारने की धमकियां भी देते हैं। उन्होंने कहा, “बेटा और बहू मिलकर मेरी जमीन हड़पना चाहते हैं। बेटा मुझे पागल घोषित करवाकर घर और संपत्ति पर कब्जा करना चाहता है। अगर मेरी हत्या होती है तो इसके जिम्मेदार वही होंगे।”पीड़िता का आरोप है कि बेटा-बहू ने इलाके के दबंगों से सांठगांठ कर ली है और किसी भी वक्त उसकी जान जा सकती है। महिला ने बताया कि उसके पास अपना घर और जमीन होते हुए भी वो सड़क पर रातें गुजार रही हैं।मालती देवी इंसाफ की गुहार लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी कानपुर देहात और राज्य महिला आयोग को पत्र लिख चुकी हैं। उन्होंने अपील की है कि जल्द से जल्द उन्हें उनका घर वापस दिलाया जाए और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस घटना ने समाज में गिरते पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के साथ हो रही अमानवीयता की एक झलक पेश की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस बुजुर्ग महिला को न्याय दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।