सोनभद्र: पारिवारिक कलह में महिला ने लगाई फांसी, शराब के नशे में पति से हुआ था झगड़ा

सोनभद्र: जुगैल थाना क्षेत्र के चतरवार टोला छिलहवा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की पहचान सुनीता (पति संतकुमार बैगा) के रूप में हुई है। उसका शव सोमवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका मिला.

Advertisement

घटना से गांव में हड़कंप

जैसे ही सुनीता के आत्महत्या की खबर फैली, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, और शव देखते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद जुगैल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई.

शराब के नशे में हुआ था पति से झगड़ा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका सुनीता ने शराब के नशे में अपने पति से झगड़ा किया था। बताया जा रहा है कि इसी गुस्से में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के समय सुनीता के सास-ससुर रिश्तेदारी में जुगैल थाना क्षेत्र के हरदहवा में एक शादी समारोह में गए हुए थे। सुनीता की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और उनके कोई बच्चे नहीं थे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

Advertisements