लव मैरिज करने वाली स्टेनोग्राफर पत्नी को मारकर लटकाया:बहन ने कॉन्स्टेबल पति पर लगाए गंभीर आरोप, बोली- पूजा टॉपर थी, सुसाइड नहीं कर सकती

पूजा टॉपर थी। वह सुसाइड नहीं कर सकती। उसे मारकर लटकाया गया है। हरीश (पूजा का पति) और उसके परिवार वालों को गिरफ्तार किया जाए।

इतना कहते-कहते ममता (पूजा की बड़ी बहन) के चेहरे पर गुस्से का भाव आ जाता है। वह कहती हैं- इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी। फिर दोनों ने लव मैरिज की। परिवार के लोग शादी के लिए राजी नहीं थे। शादी के बाद से ही दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था।

सबसे पहले जानिए पूरा मामला औद्योगिक नगर के SHO जसवंत सिंह ने बताया- पाली के औद्योगिक नगर इलाके के राजीव नगर में पूजा (27) ने सुसाइड किया था। कॉन्स्टेबल पति हरीश बाजार सब्जी लेने गया था। लौटा तो पूजा का शव फंदे पर लटका मिला था।हरीश श्रीगंगानगर जिले के दोओ गांव का रहने वाला है।

पूजा चित्तौड़गढ़ के राशमी में SDM ऑफिस में स्टेनोग्राफर थी। कुछ दिन पहले ही पाली आई थी। दोनों राजीव नगर में किराए के मकान में रहते थे। दिसंबर 2024 में दोनों ने लव मैरिज की थी। पूजा का पीहर श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर है।

औद्योगिक नगर के SHO जसवंत सिंह ने बताया- हरीश ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया था। पुलिस ने पीहर पक्ष को फोन किया तो उन्होंने कहा कि हम श्रीगंगानगर से पाली पहुंच जाएं तभी शव को फंदे से उतारिएगा। इसके बाद कमरे को सील कर दिया गया था।

पीहरवालों ने मर्डर की रिपोर्ट दर्ज कराई 2 अगस्त की रात 10 बजे पीहर वाले श्रीगंगानगर से पाली पहुंचे। तब शव उतारकर बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पूजा के पिता रामचंद्र व परिवार के अन्य सदस्यों ने हरीश और उसके परिवार पर मर्डर के आरोप लगाए। देर रात परिवार ने औद्योगिक नगर थाने में मामला दर्ज कराया। आज (रविवार) मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम होगा।

बहन बोली- इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई पूजा की बड़ी बहन ममता ने कहा- पूजा सुसाइड नहीं कर सकती। उसे मारकर लटकाया गया है। इसकी जांच होनी चाहिए। हरीश और उसके परिवार वालों को गिरफ्तार किया जाए।

पूजा पढ़ाई में होशियार थी। उसने एमएससी तक पढ़ाई की थी। वह टॉपर स्टूडेंट थी। करीब 3 साल पहले सरकारी नौकरी लगी थी। पूजा की हरीश से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों ने शादी का फैसला किया।

पूजा ने परिवार को अपनी इच्छा बताई। 15 दिसम्बर 2024 को दोनों की शादी हुई। परिवार के लोग इस शादी के लिए राजी नहीं थे। इसलिए शादी के वक्त दहेज नहीं दिया। यह कहा कि पहला बेबी होने पर देंगे।

कमरे की छत की ऊंचाई ज्यादा पूजा की बड़ी बहन ममता ने कहा- बॉडी देखकर शक होता है। छत की ऊंचाई काफी ज्यादा है। उसने फंदा कैसे लगाया।

शनिवार सुबह 9 बजे मेरी पूजा से बात हुई थी। तब सब कुछ ठीक था। सुबह 9.30 बजे कॉल आया कि पूजा ने सुसाइड कर लिया।

पति मिलने नहीं जाता था पूजा चित्तौड़गढ़ में नौकरी करती थी। हरीश पूजा से मिलने नहीं जाता था। पूजा ही हरीश से मिलने पाली आती थी। शादी के बाद दोनों के बीच सबकुछ सामान्य नहीं था। पूजा जब आती थी तो हरीश नाइट ड्यूटी पर चला जाता था। पूजा जिस कमरे में फंदे पर लटकी मिली वह कमरा भी अंदर से लॉक नहीं था।

 

Advertisements