सरगुजा के राजापुर में पुलिस ने गौ हत्या करने के मामले में एक संदिग्ध को पकड़ा है। घटना स्थल से करीब 35 किलो गौ मांस और दो बाइक जब्त किया है। करीब 15 लोग हत्या कर मांस का बंटवारा कर रहे थे। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम राजापुर में लिचिरमा पुल के नीचे कुछ लोगों ने गौ हत्या की थी। मांस का बंटवारा कर रहे थे। गुतुरमा के युवकों ने उन्हें देखा और पूछताछ की, तो गौ हत्या करने वाले लोगों ने उनसे गाली-गलौज की और उन्हें भगा दिया। युवकों ने इसकी सूचना सीतापुर पुलिस को दी। जिस पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची।
गौ मांस और बाइक जब्त, एक हिरासत में
सीतापुर पुलिस को देखकर गौ मांस का बंटवारा कर रहे लोग भाग निकले। पुलिस ने मौके से करीब 35 किलो गौ मांस जब्त किया है। दो बाइकें भी लोग छोड़कर भागे, जिन्हें जब्त किया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जो गौ हत्या में शामिल बताया गया है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है।
जांच अधिकारी सीतापुर थाने के एसआई रघुराम भगत ने बताया कि, मामले में पूछताछ की जा रही है। गौ हत्या में दर्जनभर से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है। मामले में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। सभी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि, गौ हत्या में शामिल लोग धर्म विशेष से जुड़े हुए हैं। जो हर सप्ताह गौ-हत्या करते हैं। राजापुर में हिंदू धर्म के लोग डरे रहते हैं, जिसके कारण शिकायत भी नहीं हो पाती है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।