पत्नी पर अफेयर का शक, पति ने उतारा मौत के घाट: खुद की नस काटकर दी जान लेने की कोशिश

छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में पति ने अपनी पत्नी को चाकू से काटकर मार डाला। वारदात के बाद उसने अपने हाथ की नस भी काट ली। बताया जा रहा है कि पति ने अफेयर के शक में हत्या की है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

Advertisement1

मिली जानकारी के मुताबिक पत्नी का नाम गायत्री देवांगन (35) है, जबकि पति का नाम जगदीश देवांगन (36) है। पत्नी के शरीर पर कई जगह गहरे घाव के निशान हैं। घर में खून ही खून बिखरा था। पत्नी ने मरने से पहले कहा था कि मुझे मेरे पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से मारा है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, पति-पत्नी शारदा मंगलम के पीछे किराए के मकान में रहते थे। जगदीश अपनी पत्नी गायत्री के चरित्र पर शक करता था, जिसके कारण दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। रविवार दोपहर को भी अफेयर को लेकर फिर विवाद हो गया। इस दौरान पति ने गुस्से में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया।

पति के हमले से पत्नी तुरंत बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई है। वहीं हमले के बाद पति ने खुद की नस काट ली। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में धुत था। नशे में ही वारदात को अंजाम दिया है।

जमीन पर खून से सने मिले पति-पत्नी

वारदात के कुछ समय बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर दोनों खून से सने मिले। दोनों को तुरंत जांजगीर-चांपा जिला अस्पताल लाया गया। वहां पत्नी ने पुलिस के सामने कहा कि पति ने मुझे मारा है। हालांकि इलाज के दौरान पत्नी ने दम तोड़ दिया।

मामले में थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि पति की हालत गंभीर है। नस कटने से बहुत ज्यादा खून बह गया है। जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी। वहीं महिला की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Advertisements
Advertisement