गरियाबंद मुठभेड़ में दस नक्सली ढेर, एक करोड़ का इनामी बालकृष्ण भी मारा गया

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दस नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ का इनामी मोडेम बालकृष्ण भी शामिल है। पुलिस और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग अभी भी जारी है।

Advertisement1

रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ, कोबरा और राज्य पुलिस बल संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे। इसी दौरान जंगल में नक्सलियों से सामना हो गया और दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में अब तक दस नक्सलियों को मार गिराने की जानकारी मिली है।

पुलिस के अनुसार, गरियाबंद क्षेत्र में इस साल नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता दूसरी बार मिली है। जनवरी में यहां 80 घंटे तक चले अभियान में 16 नक्सली मारे गए थे। उन पर कुल तीन करोड़ से अधिक का इनाम घोषित था। उस समय मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी का सदस्य चलपति भी शामिल था, जिस पर 90 लाख का इनाम था। इसके अलावा डिवीजन कमेटी का प्रमुख सत्यम गावड़े भी पुलिस कार्रवाई में ढेर हो गया था।

सूत्रों के मुताबिक, बालकृष्ण लंबे समय से धमतरी, गरियाबंद और नुआपड़ा डिवीजन में सक्रिय था और नक्सलियों की रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाता था। सुरक्षाबलों को उसकी गतिविधियों की लगातार सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर यह अभियान चलाया गया।

जंगल में अभी भी तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षाबल मौके पर डटे हुए हैं ताकि नक्सलियों का बचा हुआ दल भाग न सके। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ खत्म होने के बाद पूरे इलाके की सघन सर्चिंग की जाएगी। इस बड़ी सफलता के बाद सुरक्षा एजेंसियां मान रही हैं कि नक्सलियों की गतिविधियों को कम करने में महत्वपूर्ण बढ़त मिली है।

Advertisements
Advertisement