डिंडौरी में भाजपा नेता की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला है। महिला के परिजन का आरोप है कि दामाद पांच लाख रुपए मांग रहा था। रुपए नहीं देने पर बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने भाजपा नेता दशरथ को हिरासत में ले लिया है।
घटना शनिवार रात करीब 7.30 बजे की है। सूचना मिलते ही भाजपा नेता के घर के बाहर भीड़ जमा हो गई। इसके चलते वहां पुलिस बल तैनात करना पड़ा। शव को अस्पताल ले जाने के बाद लोगों ने वहां हंगामा कर दिया। एसपी वाहिनी सिंह मौके पर पहुंची और परिजन को समझाया। अस्पताल परिसर में भी पुलिस बल तैनात कियाा गया।
तीन साल पहले हुई थी शादी
भाजपा पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष और उप सरपंच दशरथ राठौर (38) की शादी तीन साल पहले देवलपुर गांव की रहने वाली संगीता (22) से हुई थी। दशरथ सिटी कोतवाली क्षेत्र के सरहरी बिछिया का रहने वाला है। उसकी प्रिंटिंग प्रेस है। वह मूर्तिकार भी है। संगीता भी दुकान संचालन में पति की मदद करती थी।
फंदा काटकर पत्नी को नीचे उतारा
पुलिस के मुताबिक भाजपा नेता दशरथ शनिवार शाम को घर पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने खिड़की में से देखा तो संगीता फंदे पर लटकी दिखी। वह खिड़की से अंदर घुसा और फंदा काटकर पत्नी को नीचे उतारा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दशरथ ने रात करीब 8.30 बजे पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर दिया। सुबह 9 बजे कमरे का ताला खोला गया। पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अस्पताल में परिजन का हंगामा
पोस्टमॉर्टम के दौरान संगीता के परिजन अस्पताल पहुंच गए। महिलाएं ओपीडी के सामने बैठ गईं। पुरुष नारेबाजी करते हुए पुलिस से बहस करने लगे। वे दशरथ के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जानकारी मिलते ही एसपी वाहिनी सिंह मौके पर पहुंचीं। हंगामा कर रहे लोगों को चेतावनी दी। कहा- हम अपना काम कर रहे हैं। यहां मरीज भर्ती हैं। आपके हंगामा करने से उनकी हालत बिगड़ सकती है। आप तुरंत अस्पताल कैंपस खाली कर दें।
विधायक से परिजन ने की शिकायत
घटना की जानकारी लगने के बाद डिंडौरी से कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने संगीता के परिजन से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। उसकी हत्या की गई हैं। पुलिस हम लोगों को शव देखने नहीं दे रही हैं। विधायक ने थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे से बात की और परिजन को शव दिखाने की बात कही। थाना प्रभारी ने पीएम हो जाने के बाद शव दिखाने की बात कही थी।
दादा बोले- दशरथ पांच लाख रुपए मांग रहा था
संगीता के पिता ने कहा, हमें दशरथ ने ही फोन पर संगीता के फांसी लगा लेने की जानकारी दी। उसके बाद हम यहां आ गए। दामाद बेटी से मारपीट करता था। एक बार परेशान होकर बेटी मायके भी आ गई थी। समझौता होने के बाद हमने उसे भेज दिया था। संगीता के दादा छोटू सिंह राठौर ने कहा, मैं कल पोती के ससुराल आया था। दामाद दशरथ पांच लाख रुपए की मांग कर रहा था। मैंने उससे कहा कि मैं गरीब आदमी हूं। इतना पैसा कहा से लाऊंगा।