करैरा। करैरा थानान्तर्गत लालपुर गांव में जमानत पर बाहर आए बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व सरपंच के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी। साथ ही एक युवक और महिला के साथ मारपीट भी की है। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर करैरा पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट एवं हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश में हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी जा रही है।
जमानत पर बाहर आया था नाहर सिंह
दरअसल, डेढ़ साल पहले कार्यक्रम में साउंड सिस्टम बजाने को लेकर लालपुर गांव के ठाकुर और परिहार परिवार के बीच टकराव की स्थिति बनी थी। इसी के चलते 3 जून को नाहर सिंह ने गांव के पूर्व सरपंच अजमेर सिंह परिहार के भाई हाकिम सिंह के साथ मारपीट कर दी थी। जिसमें वह काफी घायल हुए थे। करैरा पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपित नाहर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शुक्रवार को नाहर सिंह जमानत पर बाहर आया था और शनिवार की दोपहर को वह पूर्व सरपंच अजमेर सिंह के घर पहुंच गया।
हमला करने वालों की संख्या 4
हालांकि उस समय घर में परिवार के अधिकांश सदस्य मौजूद नहीं थे। बदमाशों ने जब घर के बाहर फायरिंग शुरू की तो पूर्व सरपंच की मां रबुदी बाई और उम्मेद सिंह परिहार उनको समझाने के लिए बाहर पहुंचे। बदमाशों ने महिला के साथ गाली गलौज कर मारपीट की, जबकि उम्मेद सिंह को बंदूक की बट से मारा। हमला करने वालों की संख्या 4 बताई गई है। सभी मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। महिला से बात करते समय एक का मुंह जरुर खुला था। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश की शुरू
पुलिस ने इस मामले में आरोपित नाहर सिंह ठाकुर, दिनेश ठाकुर, आदित्य गुर्जर, रामबरन गुर्जर के खिलाफ एचसी-एससी एक्ट एवं हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। करैरा थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई के मुताबिक शुक्रवार को ही आरोपित जमानत पर बाहर आया था। उसने हवाई फायरिंग की है और धमकाया कि रिपोर्ट दर्ज क्यों कराई। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
दतिया के निवासी हैं आरोपी
पूर्व सरपंच अजमेर सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपित नाहर सिंह और दिनेश ठाकुर मूल रूप से दतिया के हिनोतिया के रहने वाले हैं। एक हत्या के मामले के बाद पूरा परिवार 8 साल पहले लालपुर आ गया था। अब पुश्तैनी जमीन खाली कराने का दबाव बना रहे हैं।