नई गाड़ी की डिलीवरी ले जा रहे ड्राइवर का अपहरण, वाहन और सामान लूटकर फरार हुए बदमाश..

कंपनी के नए वाहन की डिलेवरी देने जा रहे एक चालक के साथ रास्ते में लूट हो गई। बदमाश बीच रास्ते में वाहन चालक से लिफ्ट मांगा। कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में पहुंचने पर चालक को धमकाते हुए उसका पर्स छीन लिया। मारपीट करते हुए उसे वाहन से उतार दिया और नया वाहन लेकर फरार हाे गए। महाराष्ट्र जालना निवासी शेख अतहर अली वाहन चालक है। वह पुणे के चाकन से एक वाहन निर्माता कंपनी का नया पिकअप वाहन डिलेवर करने के लिए निकला। वाहन को सतना के एक आटोमोबाइल शोरूम तक पहुंचना था। 17 अप्रैल को वह बरगी के ग्राम रैपुरा पहुंचा। लगातार वाहन चलाने और थकान के कारण नींद का झौंका आने पर उसने रैपुरा बस स्टाप के पास वाहन रोक दिया। वाहन में सो गया। तभी तीन बदमाश आए। जबरन उसके वाहन में सवार हो गए और फिर वाहन को हाईजैक कर लिया।

Advertisement

किराये का लालच दिया, जबलपुर छोड़ने के लिए बोला

  • सिवनी-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम रैपुरा में जब वह सड़क किनारे वाहन खड़ा करके साे रहा था, तीन युवक आए। उन्होंने उसे जगाया। कहां जा रहे हो पूछा।
  • चालक ने सतना जाने की बात कही तो उन युवकों ने रास्ते में जबलपुर तक छोड़ने बोला। वाहन चालक ने मना कर दिया तो उन्होंने 150 रुपये किराया देने का लालच दिया।
  • नींंद आने के कारण चालक ने तुरंत चलने से मना कर दिया। इस पर आरोपित जबरन वाहन में सवार हो गए। उसके बाद जबलपुर पहुंचने पर आरोपित वाहन से नहीं उतरे।

कंपनी को सूचना दी, फिर एफआईआर कराई

  • जबलपुर-कटनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनजान जगह पर चालक ने राहगीरों को घटना की जानकारी दी।
  • उनसे सहायता लेकर फोन पर पुणे चाकन में कंपनी तक जानकारी पहुंचाई।
  • उसके बाद वह कुछ लोगों की सहायता से स्लीमनाबाद थाने तक पहुंचा।
  • घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल को लेकर स्पष्ट जानकारी न दे पाने पर उसे पुलिस जबलपुर लेकर आयी।
  • जहां, पूछताछ और तस्दीक करने पर घटना स्थल बरगी थाना क्षेत्र का निकला।
  • पुलिस घटनास्थल के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग एवं टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है।
  • फरार अज्ञात तीनों आरोपितों के पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
Advertisements