किसान ने कलेक्टर से मांगा हेलीकाप्टर, MP High Court के आदेश के बाद भी नहीं मिला रास्ता

नीमच : मध्य प्रदेश के नीमच जिले में कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में एक किसान ने अपने खेत पर जाने का रास्ता बंद होने से परेशान होकर हेलीकाप्टर की मांग की तो अधिकारी भी चौंक गए। किसान रामसुख पाटीदार ने इसके लिए बाकायदा प्रार्थनापत्र देकर अधिकारियों से गुहार लगाई।

Advertisement

फसल बोकर बंद किया रास्ता

किसान ने बताया कि उसकी और उसकी पत्नी के स्वामित्व आधिपत्य वाली कृषि भूमि नीमच तहसील के ग्राम सुरजना में है। इसका रास्ता पड़ोसी द्वारा फसल बोकर बंद कर दिया गया। पुराना अन्य कोई रास्ता नहीं है। तहसीलदार और पटवारी रास्ता चालू नहीं करवा रहे हैं।

उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी रास्ते में बदलाव नहीं

किसान ने कहा कि उच्च न्यायालय इंदौर की खंडपीठ का आदेश आने के बाद भी रास्ता चालू नहीं किया जा रहा है। उच्च न्यायालय ने निर्देशित किया था कि पहले से व पुराने रास्ते में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा तथा नया रास्ता नहीं बनाया जाएगा। यह आदेश तहसीलदार को समझ नहीं आ रहा है।

रास्ता न होने पर हेलीकॉप्टर की मांग

रामसुख ने अपने पुत्र संदीप पाटीदार के साथ जाकर कलेक्टर से मांग कर कहा कि अपनी भूमि पर पहुंचने के लिए उसे हेलीकाप्टर दिलवाया जाना उचित व न्याय संगत होगा।

रामसुख ने पत्रकारों से कहा कि रास्ता 10 वर्षों से बंद पड़ा है। खेत पर आने-जाने न दिए जाने के कारण परिवार फसल नहीं बो पा रहा है

विवश होकर अधिकारियों से हेलीकाप्टर की मांग करनी पड़ी ताकि उसको न्याय मिल सके। जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने तहसील के अधिकारियों को रास्ते का समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं।

Advertisements