सिवनी में छात्रा की हत्या, भागते दरिंदे ने मधुमक्खियों के छत्ते में मारा पत्थर, हमले से लहूलुहान हुआ लड़की का पिता

सिवनी: कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के कटिया गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक युवक ने 11वीं कक्षा की छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी, पुरुषोत्तम ठाकुर, लड़की पर बुरी नजर रखता था। उसने इस वारदात को लड़की के माता-पिता के सामने ही अंजाम दिया और भागते समय मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर मारकर लड़की के पिता को घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लड़की को परेशान करता था।

Advertisement

खेत में मक्का तोड़ रही थी लड़की

यह घटना सुबह करीब 11 बजे घटी। 17 साल की नाबालिग छात्रा खेत में मक्का तोड़ रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला पुरुषोत्तम ठाकुर वहां आया और उसने छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। लड़की के माता-पिता कुछ ही दूरी पर काम कर रहे थे। वे अपनी बेटी को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा।

लड़के ने भागते समय चली चाल

आरोपी भागते समय एक चाल चला। उसने मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर मार दिया। इससे मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने लड़की के पिता पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के काटने से लड़की के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हत्या से भड़क गए गांव वाले

लड़की की हत्या की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस घटना से हैरान था और लोगों में आरोपी के प्रति गुस्सा था। कान्हीवाड़ा थाना पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक देसी कट्टा (पिस्तौल) और एक मोबाइल फोन मिला है। पुलिस इन दोनों चीजों की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि ये चीजें आरोपी से जुड़ी हो सकती हैं।

पुलिस में शिकायत करने से भड़क गया आरोपी

पुलिस आरोपी पुरुषोत्तम ठाकुर को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है ताकि वह भाग न सके। पुलिस के अनुसार, आरोपी लड़की पर गलत नजर रखता था और उसे परेशान करता था। चार दिन पहले ही लड़की की मां ने आरोपी की बहन से इसकी शिकायत की थी। ऐसा माना जा रहा है कि इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी पीड़िता का दूर का रिश्तेदार

थाना प्रभारी प्रीतम तिलगाम ने बताया कि आरोपी पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है। उन्होंने कहा, ‘पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी ने हत्या क्यों की, इस बात का पता नहीं चल पाया है।’

 

Advertisements