Vayam Bharat

आधी रात भरभरा कर ढही निर्माणाधीन मकान की छत, 2 मजदूरों की गई जान, 6 बुरी तरह जख्मी

राजस्थान के धौलपुर जिले में आधी रात भीषण हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की छत ढहने से 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और आधा दर्जन मजदूर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। ले​किन, इससे पहले ही दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल मजदूरों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक संत नगर सड़क मार्ग पर मकान की तीसरी मंजिल पर करीब 20 मजदूर आरसीसी डालने का काम कर रहे थे। तभी रात करीब 12 बजे अचानक मकान की छत भरभरा कर ढह गई। जिसमें एक दर्जन मजदूर दब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो चुकी है और आधा दर्जन घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं, पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया दिया है।

आधी रात मची चीख पुकार
आधी रात को काम करते समय मकान की छत भरभरा कर ढह जाने से मौके पर चीख पुकार मच गई। ऐसे में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मलबे के अंदर फंसे मजदूरों का रेस्क्यू किया और घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा। लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन के मदद से करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से मजदूरों को निकाला।

Advertisements