बारात नहीं आई, दुल्हन वालों ने अगुआ और लड़के की बहन को बनाया बंधक; थाने में हुई शादी

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक शादी समारोह में बारात नहीं पहुंचने से बड़ा बवाल हो गया। नाराज दुल्हन पक्ष ने लड़के की ओर से आई अगुआ महिला और उसकी बहन को बंधक बना लिया। मामला थाने पहुंचा, जहां घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की निगरानी में शादी कराई गई।

Advertisement

क्या है मामला?

कटरा थाना क्षेत्र के सिदासपुर गांव निवासी सुशील शर्मा की बेटी कंचन की शादी, समस्तीपुर के ताजपुर थाना अंतर्गत भेरोखड़ा गांव निवासी पंकज शर्मा से तय हुई थी। शादी लड़की के ननिहाल, बोचहां थाना क्षेत्र के काशीरामपुर गांव में होनी थी। सोमवार रात घराती बारात का बेसब्री से इंतजार करते रहे, लेकिन बारात नहीं पहुंची।

अगुआ और बहन को बनाया बंधक

रातभर इंतजार के बाद बारात नहीं आने पर लड़की पक्ष की महिलाओं ने गुस्से में आकर लड़के की ओर से शादी की अगुवाई कर रहीं अनीता शर्मा और लड़के की बहन शोभा देवी को घर में बंधक बना लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

गलतफहमी बनी विवाद की वजह

लड़के के पिता उमाकांत शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में स्थान को लेकर गलतफहमी हो गई थी। बारात ताजपुर-सकरा रेलवे गुमटी के पास दुर्गा मंदिर पहुंच गई थी, जबकि लड़की पक्ष शफुद्दीनपुर के ठाकुरबारी मंदिर में इंतजार कर रहा था।

थाने में शादी, जमकर चला ड्रामा

पुलिस द्वारा कई बार संपर्क करने के बाद अंततः दूल्हा और बाराती थाने पहुंचे। मंगलवार को दोनों पक्षों की उपस्थिति में थाना परिसर स्थित मंदिर में दूल्हा-दुल्हन की शादी कराई गई। इस दौरान थाने में कई घंटे तक तनाव और बहसबाजी का माहौल बना रहा.

Advertisements