पत्नी को थी गुटखा खाने की आदत, परेशान होकर पति घर छोड़कर भागा, तो महिला ने लगाई फांसी

भोपाल। अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित वल्लभ नगर में एक 23 वर्षीय नव विवाहिता ने शादी के दो महीने बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला गुटखा खाने की आदी थी और इसको लेकर शुक्रवार रात को उसका पति से झगड़ा हुआ था। इसके बाद पति अपनी मां के घर चला गया था, वहीं महिला घर में अकेली थी। सुबह पति घर वापस पहुंचा तो पत्नी फांसी के फंदे पर झूलती मिली। साथ ही कमरे की दीवार पर उसने लिपिस्टिक से सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने अपनी सास और किरायेदार समेत तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। अरेरा हिल्स थाना पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

21 अप्रैल को हुई थी दोनों की शादी

एएसआइ अकरम खान ने बताया कि 23 वर्षीय प्रियंका बमन पति कीविन वल्लभ नगर बस्ती में रहती थी। उसका मायका बागसेवनिया स्थित अमरई गांव में है। वल्लभनगर में रहने वाले कीविन से उसका लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग समाज से थे, लेकिन घर वालों को मनाकर दोनों ने 21 अप्रैल को अरेंज मैरिज की थी। कीविन का परिवार इस शादी से खुश नहीं था, जिसके बाद प्रियंका अपने पति कीविन के साथ वल्लभ नगर में ही एक किराये के कमरे में रहती थी। पति फ्लैक्स प्रिंटिंग का काम करता है।

गुटखा खाने को लेकर होता था विवाद

स्वजनों ने बताया कि प्रियंका गुटखा खाने की आदी थी। इस बात पर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात करीब 12 बजे भी दोनों के बीच घर में इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने के बाद पति उसे घर में अकेला छोड़कर मां के घर पहुंच गया। इस दौरान पति घर में ही अपना मोबाइल भूल गया था। वह सुबह चार बजे वापस घर पहुंचा तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी प्रियंका ने दरवाजा नहीं खोला तो उसे संदेह हुआ। उसने स्वजनों और पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर प्रियंका फंदे पर लटकी मिली।

तीन लोगों को बताया मौत का जिम्मेदार

मृतका ने साथ ही दीवार पर लिपस्टिक से सुसाइड नोट लिखा हुआ था। उसने सुसाइड नोट में मम्मी (सास) तनु दीदी और बेला दीदी को मौत का जिम्मेदार बताया है। मृतका के स्वजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष बेटी को प्रताड़ित करता था। जिसके चलते उसने अपनी जान दी है। उधर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आधिकारिक बयान दर्ज किए जाएंगे और सुसाइड नोट की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Advertisements
Advertisement