बिलासपुर में ऑटो में सफर के दौरान चोरी: महिला से उड़ाए 50 हजार, गिरोह पहले भी कर चुका है वारदात

बिलासपुर में ऑटो सवार महिलाओं ने चलती गाड़ी में महिला का पर्स खोलकर 50 हजार रुपए पार कर दिए। दरअसल, महिलाएं इस तरह की वारदात को पहले भी अंजाम दे चुकी हैं। पीड़ित महिला को चोरी की जानकारी ऑटो से उतरने के बाद हुई।

Advertisement

महिला की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। साथ ही सीसीटीवी वीडियो के जरिए महिलाओं के गैंग की तलाश कर रही है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

मंगला निवासी बहुरा बाई श्रीवास शुक्रवार को अपनी बहन पुष्पा श्रीवास से मिलने उसके घर तिफरा गई थी। दोपहर 12 बजे वह घर जाने के लिए निकली तो पुष्पा ने बहुरा को 50 हजार रुपए उमरिया में रहने वाली छोटी बहन सुश्री श्रीवास को भिजवाने की बात कही। बहुरा ने रुपए अपने पर्स में रख लिए। ऑटो लेकर बहुरा नेहरू चौक पहुंची।

नेहरू चौक से मंगला चौक के बीच हुई वारदात

नेहरू चौक में उतरने के बाद वो दूसरे ऑटो का इंतजार कर रही थी। जिसके बाद नेहरू चौक से मंगला चौक के लिए दूसरी ऑटो में बैठी। मंगला चौक पर उतरने के बाद जब उसने अपना पर्स देखा तो उसका चैन खुला हुआ था। वहीं, पर्स में रखे 50 हजार रुपए के बंडल गायब मिले।

पैसे गायब देखकर हैरान और परेशान महिला ने घटना की जानकारी अपने परिजन को दी, जिसके बाद परिजन को लेकर थाने पहुंची। महिला ने बताया कि ऑटो में उसके आसपास महिलाएं बैठी हुई थी। पूरे रास्ते वे इधर-उधर की बात कर रहे थे। पुलिस ने ऑटो गैंग के खिलाफ जुर्म दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

शहर में पहले भी हो चुकी है इस तरह की चोरी

बता दें इससे पहले भी कोतवाली, सिविल लाइन, सिरगिट्‌टी, सरकंडा में इस तरह के कई वारदात पहले भी हो चुकी है। महिलाओं का गैंग ऑटो में सवार रहती हैं। वो भीड़-भाड़ और मार्केट में निकलती हैं। इसी दौरान महिला यात्री को अपनी बातों में उलझाकर उनके पर्स से गहने और पैसे चोरी कर लेती है, जिसके बाद ऑटो चली जाती, तब पीड़ित महिला को इसकी जानकारी होती है।

फुटेज देखने पर ऑटो में नंबर प्लेट ही नहीं मिला

पीड़ित की रिपोर्ट के लिए पुलिस तत्काल सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई। जांच में ऑटो में नंबर प्लेट ही नहीं था। ऑटो मंगला चौक से जिस रूट पर गई वहां भी फुटेज की जांच पुलिस कर रही है। टीआई एसआर साहू ने बताया कि जिस तरह से महिलाओं से वारदात को अंजाम दिया उससे साफ है कि ऑटो उनके ही किसी सदस्य का था।

Advertisements