पंडरी स्थित श्री शिवम शो रूम में 30 लाख की चोरी करने वाले सेल्समैन समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरों से 16.90 लाख रुपए जब्त कर लिए गए हैं। बाकी रकम आरोपियों ने खर्च कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की कार, मोपेड और बाइक जब्त कर ली है। शो रूम में घड़ी का काउंटर संभालने वाला सेल्समैन चोरी का मास्टर माइंड निकला।
चोरी की साजिश रचने के बाद वह बुर्का पहनकर शो रूम में घुसा। क्योंकि उस दिन ईद थी इसलिए उसे मालूम था कि किसी को शक नहीं होगा। वैसा ही हुआ, लेकिन चोरी के बाद वह चार मंजिला इमारत से रस्सी के सहारे उतरते समय गिर पड़ा। उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। इसी से पुलिस को क्लू मिला और वह अपने साथियों के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि मूलत: बलौदाबाजार हदबंद निवासी राजेश टंडन (26) मोवा आदर्श नगर में किराए पर रहता है। वह श्री शिवम शो रूम के भीतर टाइटन के काउंटर में बैठता है। कर्ज में डूबने के कारण पैसों की जरूरत थी। उसे पता था कि शो रूम में हमेशा लाखों रुपए रहते हैं।
उसने मंदिर हसौद निवासी अपने मामा परमेश्वर बघेल उर्फ प्रेम(32) से इस बारे में चर्चा की। वह राजी हो गया। उसके बाद उसके मामा प्रेम ने राजनांदगांव के मोहनीश श्रीवास्तव और राजेश ने संतोषी नगर के सुरेश दीवान से चोरी के बारे में चर्चा की।
चारों ने वारदात के चार दिन पहले शो रूम के सामने चाय ठेले में बैठकर चोरी की प्लानिंग की। पहले राजेश और मोहनीश दोनों बुर्का पहनकर चोरी करने शो रूम के भीतर जाने वाले थे। एक दिन पहले राजेश ने प्लानिंग बदली। उसने अकेले जाना तय किया। मोहनीश ने राजेश को बुर्का, रस्सी और रॉड लाकर दिया। उसे राजेश ने वहीं काउंटर में छिपा दिया था।
31 मार्च की रात 10 बजे बुर्का पहनकर राजेश शो रूम के भीतर घुसा। वह पहले इधर-उधर ग्राहक की तरह घूमा फिर महिलाओं बाथरूम में चला गया। वहां से कुछ देर पुरुषों के बाथरूम में छिपा। फिर निकलकर चेजिंग रूम में छिप गया। दुकान बंद होने के बाद राजेश अपने काउंटर में गया।
वहां से रॉड-रस्सी निकालकर उससे दराज को तोड़कर 30 लाख रुपए निकाले। फिर चौथी मंजिल में गया और वहां का ताला तोड़कर छत पर आ गया। वहां उसने रस्सी बांधी। रस्सी से नीचे उतरते समय हड़बड़ाकर गिरा और उसका पैर फ्रेक्चर हो गया।
कार में पैसा लेकर भागे शो रूम के बाहर सुरेश मोपेड लेकर इंतजार कर रहा था। राजेश और सुरेश दोनों मोपेड से पंडरी बस स्टैंड के पास पहुंचे। वहां कार में प्रेम और मोहनीश इंतजार कर रहे थे। राजेश ने बैग उन्हें दिया। दोनों पैसा लेकर मंदिर हसौद निकल गए। दूसरे दिन पैसों का बंटवारा हुआ। राजेश ने 15 लाख अपने पास रखे।
बाकी 15 लाख प्रेम और मोहनीश ने बांट लिया। तीनों ने पैसा आते ही अपना कर्ज चुका दिया। फिर प्रेम और मोहनीश कार से शिरडी चले गए। राजेश घर पर पड़ा रहा। क्योंकि उसका पैर फ्रैक्चर था। सुरेश को एक पैसा नहीं मिला। उसे राजेश ढाई लाख देने वाला था।
ऐसे मिला क्लू पुलिस को घटना स्थल के आसपास चोरों का फुटेज मिला था। उसमें बुर्का पहने राजेश लंगड़ा कर चलता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने शो रूम कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की तो राजेश गायब था। पुलिस उसके घर पहुंची तो पैर देखकर शक गहरा गया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने चोरी करना कबूल कर लिया।