मध्य प्रदेश के 11 जिलों में आज बारिश के आसार, बाकी इलाकों में छाए रहेंगे बादल

 बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना गया है। इसके अलावा तीन अन्य मौसम प्रणालियां (MP Ka Mausam) भी सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो रही है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक पचमढ़ी में 14, नर्मदापुरम एवं सिवनी में पांच, मंडला में तीन, नरसिंहपुर में एक मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभाग के जिलों में मध्यम बारिश (Rain in Madhya Pradesh) होने की संभावना है। शेष क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार के मुताबिक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इस मौसम प्रणाली के रविवार तक छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फर नगर, हरदोई, डाल्टनगंज से कम दबाव के क्षेत्र से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। मध्य प्रदेश के 11 जिलों जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में बारिश के आसार हैं।

मध्यम स्तर की बारिश के आसार

कम दबाव से लेकर दक्षिण महाराष्ट्र तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़, विदर्भ से होकर जा रही है। पूर्वोत्तर झारखंड और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से नर्मदापुरम, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि कम दबाव के क्षेत्र के आगे बढ़ने के कारण रविवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने लगेगी। विशेषकर पूर्वी एवं दक्षिणी मध्य प्रदेश में दो से तीन दिन तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।

 

Advertisements
Advertisement