बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर राज्य के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पेंशन राशि को तीन गुना बढ़ाए जाने के फैसले का श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बताया।
मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस फैसले से राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार से अधिक लाभार्थियों को फायदा मिलेगा। अब तक जहां उन्हें ₹400 प्रतिमाह पेंशन मिलती थी, वहीं अब ₹1100 प्रतिमाह की राशि सीधे उनके बैंक खातों में हर महीने की 10 तारीख को ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच और समाज के वंचित वर्गों की भलाई के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।मंत्री ने कहा कि इस पेंशन का लाभ सभी जाति, धर्म और वर्ग के जरूरतमंदों को समान रूप से मिलेगा। इससे वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगों को न केवल आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि समाज और परिवार में उनका सम्मान भी बढ़ेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह कदम उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा और वे अपनी दवाइयों, भोजन और अन्य आवश्यकताओं के लिए किसी पर आश्रित नहीं रहेंगे।
संतोष कुमार सिंह ने यह भी बताया कि बिहार सरकार का श्रम संसाधन विभाग श्रमिकों और युवाओं की बेहतरी के लिए कई योजनाएं चला रहा है। इनमें श्रमिक दुर्घटना सहायता योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना, मातृत्व लाभ योजना और आवास निर्माण सहायता योजना समेत कुल 16 कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मांग आधारित कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है।मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह फैसला सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के मॉडल को मजबूत करता है और यह सुनिश्चित करता है कि कोई भी जरूरतमंद आर्थिक तंगी के कारण उपेक्षित न रहे। उन्होंने इसे राज्य के वंचित तबकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।