MP में बनेगा टाइगर कॉरिडोर, जबलपुर-भोपाल ग्रीन फील्ड हाईवे भी बनेगा, केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी की घेाषणा

जबलपुर। मध्य प्रदेश में 5500 करोड़ की लागत से टाइगर कारिडोर हाईवे बनाने की घोषणा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की। यह कारिडोर हाईवे प्रदेश के चार टाइगर रिजर्व कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच को जोड़ेगा। जबलपुर में प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाईओवर का लोकार्पण करते हुए गड़करी ने कहा कि मध्य प्रदेश बाघों के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में लोगों को टाइगर रिजर्व तक सुलभ मार्ग उपलब्ध कराने के लिए टाइगर कारिडोर हाईवे बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने रीवा में वाराणसी-नागपुर मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की।

जो बोलता हूं, वह करता हूं

गडकरी ने फ्लाईओवर निर्माण को लेकर बताया कि मप्र के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह जब सांसद थे, तब फ्लाईओवर की मांग की थी। उस समय केंद्रीय सड़क निधि में फंड कम होता था। लेकिन मैं घोषणा कर चुका था इसलिए संभवत: देश के इतिहास में पहली बार 1200 करोड़ का फंड केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) से इस फ्लाईओवर के लिए जारी हुआ।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाएं में से 75 हजार करोड़ रुपये के 4604 किमी के सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। 33 हजार करोड़ रुपये से प्रदेश में पांच ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे और इकोनामिक कारिडोर बना रहे हैं।

गडकरी ने बताया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जान एफ केनेडी ने कहा था कि अमेरिका की सड़कें इसलिए अच्छी नहीं हैं, क्योंकि अमेरिका अमीर है, बल्कि अमेरिका इसलिए अमीर है, क्योंकि उसकी सड़कें अच्छी हैं।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि जितना बोलता हूं उतना करता हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री यादव से कहा कि विकास कार्य करिए और जितने पैसे लगें मांगिए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री गडकरी का नई घोषणाओं के लिए आभार जताया।

-जबलपुर में हवाबाग कॉलेज से शाहनाला तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए 309 करोड़ रुपये।

-भोपाल-जबलपुर के बीच 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बनेगा। इससे जबलपुर से भोपाल की दूरी 255 किमी हो जाएगी।

-सिवनी के लखनादौन से जबलपुर के बीच दस हजार करोड़ रुपये से ग्रीन फील्ड नए हाइवे बनेगा। कारीडोर बनने से दूरी 220 किलोमीटर होगी।

-जबलपुर-मंडला चिल्पी फोरलेन सड़क मार्ग 2500 करोड़ की लागत से बनेगा। ये 150 किमी लंबा मार्ग होगा। –

सिवनी-छिंदवाड़ा 150 किमी लंबे सावनेर फोरलेन मार्ग चौड़ीकरण का कार्य 2500 करोड़ रुपये से होगा।

-खरगोन देशगांव-जुलवानिया फोर लेन सडक चौड़ीकरण। 2300 करोड़ की लागत से 108 किलोमीटर लंबा मार्ग।

-बालाघाट-नैनपुर दो लेन पेवर शोल्डर मार्ग की लागत 750 करोड़ रुपये और लंबाई 74 किमी होगी।

-रीवा में वाराणसी नागपुर मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये।

Advertisements
Advertisement