छत्तीसगढ़ बीजेपी हर घर तिरंगा अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को चार्ज करेगी। बीजेपी पदाधिकारियों ने रविवार 10 अगस्त को बैठक लेकर इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने बैठक लेकर इस संबंध में निर्देश जारी किया है।
बीजेपी नेता नवीन मार्कंडेय ने बताया कि ‘मोर तिरंगा मोर अभिमान’ अभियान सफल रहे, इसलिए सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और विधायक, मंडल सदस्यों समेत पदाधिकारियों को शक्ति केंद्र में 50 तिरंगा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी है। बीजेपी नेताओं के अनुसार संगठन के पदाधिकारियों की कार्यशाला पूरी हो चुकी है। बीजेपी के शक्ति केंद्रों से तिरंगा हर घर पहुंचाया जाएगा।
12 लाख तिरंगों का ऑर्डर दिया बीजेपी ने
उन्होंने कहा कि, संगठन ने 12 लाख तिरंगों का ऑर्डर दिया है। ये तिरंगे छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आएंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने इस बात की पुष्टि भी की है। वहीं तिरंगा यात्रा की प्रभारी नीलू शर्मा ने बताया कि, 10 से 14 अगस्त तक मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकलेंगी। महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की इसमें प्रमुख भूमिका रहेगी। वहीं 13 से 15 अगस्त तक घरों, संस्थानों और कार्यालयों में कार्यकर्ता तिरंगा फहराएंगे।
ऑपरेशन सिंदूर की झलकियां दिखेगी
तिरंगा यात्रा के साथ इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भी जोड़ा जाएगा। इसका मकसद राष्ट्रीय ध्वज से जनभावना और बलिदान की भावना को जोड़ना है। बच्चों से लेकर युवाओं तक को झंडा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी राष्ट्रीय ध्वज का महत्व समझ सके। भाजपा ने प्रदेशवासियों से अपील की है, कि वो इस अभियान में शामिल हो और अपने घर के बच्चों से झंडारोहण कराए, ताकि उनके अंदर राष्ट्र के प्रति प्रेम बढ़े।
50 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य
बीजेपी ने 50 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। पिछले साल 24 लाख घरों तक तिरंगा पहुंचाया गया था। इस बार का लक्ष्य दोगुना है, इसलिए जिला, मंडल और बूथ स्तर तक बैठकें की जा रही हैं। बीजेपी नेताओं ने प्रदेशवासियों से अपील की है, कि वो इस अभियान में शामिल हो और अपने घर के बच्चों से झंडारोहण कराए, ताकि उनके अंदर राष्ट्र के प्रति प्रेम बढ़े।