किसानों से 15 लाख का धान लिया, गांव छोड़कर भागा:कांकेर में बिचौलिए ने की 12 किसानों से धोखाधड़ी; कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

कांकेर जिले के नवागांव भावगीर के एक बिचौलिए ने 12 किसानों से धान खरीदकर लगभग 15 लाख रुपए से अधिक का भुगतान नहीं किया है। इससे परेशान होकर पीड़ित किसानों ने सोमवार (4 अगस्त) को कलेक्टर कार्यालय में जाकर पैसे की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि रबी फसल साल 2025 में उत्पादित धान को गुलशन गढ़पाले (28) ने खरीदा था। लेकिन उसने अब तक धान की राशि का भुगतान नहीं किया है। ये सभी पीड़ित किसान ग्राम नारा के निवासी हैं।

घर-घर जाकर पहले किसानों को विश्वास में लिया

किसानों के मुताबिक, फसल तैयार होने के बाद जब वे बाजार में धान बेचने की तैयारी कर रहे थे, तभी जून महीने में गुलशन गढ़पाले ग्राम नारा आया। उसने सभी किसानों के घर जाकर संपर्क किया और खुद को गल्ला व्यवसायी और राइस मिल का मालिक बताया।

गुलशन ने धान खरीदने का प्रस्ताव रखा और गांव के कुछ किसानों जैसे राजा ठाकुर, कंवल सिन्हा और श्रवण कुमेटी के धान खरीदकर उनका भुगतान भी कर दिया। इससे अन्य किसानों का विश्वास जीतकर उनसे भी धान खरीदने लगा।

धान खरीदा और गांव छोड़कर भागा

उसने प्रति क्विंटल 1,770 रुपए और 1,775 रुपए की दर से धान खरीदा और 15 दिनों के भीतर भुगतान करने का वादा किया। लेकिन अब वह गांव से गायब हो गया है और किसानों को उनके धान का पैसा नहीं मिला है। इससे परेशान होकर किसानों ने कलेक्टर से मदद मांगी है।

किसानों ने की कार्रवाई की मांग

बिचौलिए गुलशन गढपाले ने सभी किसानों को लालच देकर ठगी की है। किसानों की मेहनत की कमाई धान की फसल की कीमत नहीं मिलने से किसान आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक परेशान है। जिसके कारण से परिवार के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

इन 12 किसानों के साथ धोखाधड़ी

विजय सिन्हा 181965 रूपए, चंद्रशेखर 345540 रूपए, अवधेश जैन 116820 रूपए, दुर्गेश जैन 85382 रूपए, सांवली जैन 70800 रूपए श्रीराम यादव 90624 रूपए, रामचंद्र यादव 54516 रूपए,

रामचंद यादव , भारत सिन्हा 122130 रूपए, आरती कुमेटी 59295 रूपए, शिवेंद्र सिन्हा 247800 रूपए, भारत मंडावी 29736 रूपए, ओमशंकर पांडे 135936 रूपए किसानों के साथ धोखाधड़ी किया गया है।

Advertisements