Vayam Bharat

खेत पर चौकीदारी के लिए रखा, पति को बाहर भेज आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म, प्रशासन ने आरोपियों के ढहाये घर

उज्जैन: उज्जैन के ताजपुर कस्बे में पति के साथ मजदूरी करने आई आदिवासी महिला से दो बदमाशों इमरान व रवि ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला भागते हुए ग्रामीणों के पास पहुंची। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि भागने के दौरान दोनों घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।

Advertisement

आदिवासी दंपति को दिया काम का झांसा
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आदिवासी समाज के दंपती काम की तलाश में डिंडौरी से बुधवार को इंदौर पहुंचे थे। वहां उनका मोबाइल चोरी हो गया। इसके बाद दोनों बुधवार को उज्जैन पहुंच गए। यहां आगर रोड पर इंदिरा नगर चौराहा पर काम की तलाश में खड़े थे। इस दौरान बाइक पर सवार दो युवक उन्हें उज्जैन से करीब 16 किमी दूर ताजपुर ले गए। वहां वे उन्हें चौकीदारी के लिए खेत पर लेकर गए।

दोनों आरोपित ने पति-पत्नी को खेत में बने कमरे पर ठहराया। यहां से एक बदमाश पति को किराने का सामान दिलाने के लिए घर ले गया और उसे दुकान पर ही छोड़कर वापस खेत पर बने कमरे पर पहुंच गया। उसके बाद दोनों बदमाशों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला भागते हुए गांव पहुंची। जहां उसने अपने साथ हुई आपबीती सुनाई। लोगों ने उसके पति को तलाश कर पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी कैमरा के फुटेज खंगाले

पुलिस ने उज्जैन शहर के इंदिरा नगर चौराहा से लेकर ताजपुर तक लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दो आरोपितों इमरान खान तथा रवि, दोनों निवासी ताजपुर की पहचान की। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपित श्री सिंथेटिक फैक्ट्री के खंडहर में शराब पी रहे हैं। पुलिस वहां पहुंची तो दोनों भागने के दौरान घायल हो गए। दोनों को पकड़ लिया गया है।

भाषा समझने में एएसआई ने की मदद

महिला व उसका पति आदिवासी बोली के कारण पुलिस को अपनी बात समझा नहीं पा रहे थे। तब चिमनगंज थाना में पदस्थ एएसआई सुनील वरवड़े ने इनकी बोली समझी और अनुवाद किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Advertisements