गूगल मैप्स का भरोसा पड़ा भारी, तालाब में जा गिरी कार; चार दोस्त बाल-बाल बचे

उत्तर प्रदेश के मेरठ से अंबाला जा रहे चार दोस्तों के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ये सभी दोस्त गूगल मैप्स की मदद से गाड़ी चला रहे थे। मगर रास्ता भटकने के कारण उनकी कार सीधे तालाब में जा गिरी। गनीमत रही कि चारों युवकों ने समय रहते कार का शीशा खोलकर बाहर छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली।

जानकारी के मुताबिक, कार में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के छात्र नेता सूर्या और उनके तीन दोस्त – आदित्य, अनुज और आशुतोष मौजूद थे। वे अंबाला के शाहाबाद कस्बे में महर्षि मारकंडेश्वर मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने गूगल मैप पर लोकेशन डाली और उसी रास्ते का अनुसरण करते हुए चलते रहे। लेकिन मैप ने उन्हें गलत दिशा में मोड़ दिया, जिसके चलते कार तालाब में गिर गई।

घटना सरसावा इलाके की बताई जा रही है। कार चला रहे आदित्य को अंदाजा ही नहीं रहा कि रास्ता तालाब की ओर जा रहा है। अचानक कार तालाब में उतर गई। हालांकि, चारों ने हिम्मत दिखाई और शीशे खोलकर पानी में छलांग लगा दी। वे किसी तरह किनारे तक पहुंच गए और सुरक्षित बाहर आ गए।

हादसे की सूचना तुरंत डायल 112 और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया। एसडीएम सुबोध कुमार और थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने जानकारी दी कि सभी युवक सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है। फिलहाल कार को तालाब से निकालने का काम किया जा रहा है।

यह घटना फिर से इस बात को उजागर करती है कि सिर्फ गूगल मैप्स पर पूरी तरह निर्भर रहना खतरनाक साबित हो सकता है। रास्ते की वास्तविक स्थिति की जांच किए बिना मैप के भरोसे यात्रा करना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है।

Advertisements
Advertisement