चाकूबाजी से दो मौत:मां को बचाने में घायल बेटे ने दम तोड़ा, दूसरी घटना महिमा सागर वार्ड में

छत्तीसगढ़ के धमतरी में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग वार्डों में चाकूबाजी की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। ताजा घटना में दानीटोला वार्ड निवासी विकास ध्रुव की मौत हो गई।

Advertisement

6 जून की रात विकास अपने घर में खाना खाकर आराम कर रहा था। इसी दौरान कुछ युवक घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे। विकास की मां ने उन्हें मना किया तो बदमाशों ने उन पर पत्थर से हमला कर दिया। मां को बचाने आए विकास पर चाकू से हमला कर दिया गया।

गंभीर हालत में विकास को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से रायपुर रेफर किया गया। छह दिन तक चले इलाज के बाद गुरुवार को विकास की मौत हो गई। विकास की इसी साल शादी होने वाली थी और परिवार लड़की देखने की तैयारी कर रहा था।

मां ने बताई पूरी कहानी

मृतक की मां अनुसुइया ध्रुव ने बताया कि घटना वाले दिन कुछ बदमाश उनके घर के सामने गाली-गलौज करते हुए निकल रहे थे, जिस पर उनके बेटों ने आपत्ति जताई और उन्हें मना किया। इसके बाद वे बदमाश तीन बार घर के सामने से गुज़रे और दरवाजे पर भी पत्थर मारते रहे।

अनुसुइया ने बताया, मेरे बेटे के सिर पर पत्थर से वार किया गया था। उसकी उम्र 25 साल थी। वह हमाली करता था। हमने उसके लिए लड़की देखने का मन बनाया था। लेकिन अब उसकी शादी के सपने अधूरे रह गए।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना के बाद थाना प्रभारी राजेश मरई ने जानकारी दी कि चाकूबाजी की इस वारदात में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। वहीं, 20 वर्षीय सतीश, निवासी दानी टोला वार्ड को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

महिमा सागर वार्ड में चाकूबाजी, आरोपी गिरफ्तार

इससे पहले महिमा सागर वार्ड में भी चाकूबाजी की एक घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों वार्ड एक-दूसरे से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

Advertisements