अलीराजपुर में शादी में आईं दो युवतियों को गोली मारी:सुबह 4.30 बजे नित्यकर्म के लिए निकली थीं घर से, एसपी बोले- लड़कों के साथ थीं

अलीराजपुर के ग्राम कंदा में में शादी समारोह में आई दो युवतियों को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार तड़के करीब 4.30 बजे की है। पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे हुए हैं। पूरी घटना को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं।

Advertisement

घायल युवतियों में भोरदिया निवासी 22 वर्षीय दीपिका पत्नी प्रदीप और थापली निवासी 19 वर्षीय संगीता पिता भुवानसिंह हैं। दोनों कंदा ग्राम में अपने जीजा के यहां शादी में आईं थी।

घायलों को पहले जोबट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अलीराजपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में कराए गए एक्स-रे में गोली के छर्रे साफ दिखाई दे रहे हैं।

गोली लगने पर दो तरह का चर्चा

पहली- घायल युवतियों ने पुलिस को बताया है कि रात में शादी की रस्में निभाते-निभाते चार बज गए थे। उन्होंने सोचा कि अंधेरे में ही खेत में नित्यकर्म कर आते हैं। तड़के करीब 4.30 बजे वे दोनों वापस आ रहीं थी, तभी किसी ने उन्हें गोली मार दी। पैर में गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़ी। चीखने की आवाज सुन शादी में परिजन वहां पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। दूसरी- जिला पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि दोनों युवतियां घर से नित्यकर्म का कहकर निकली थीं। खेत में उन्हें कुछ लड़के मिले, जिनके साथ वे बैठी थीं। बाद में उनमें से एक लड़के ने गोली चला दी। एक युवती के पैर में गोली लगी है तो दूसरी के घुटने में गोली लगी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। युवकों की तलाश की जा रही है।

 

 

Advertisements