दिल्ली में सम्मानित हुईं कोंडागांव की दो महिलाएं, मुन्नी यादव और विनिता पटेल को मिला राष्ट्रीय अवॉर्ड

दिल्ली में आयोजित लखपति दीदी अभिनंदन समारोह में कोंडागांव की दो महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुन्नी यादव और विनिता पटेल को उनकी उपलब्धियों के लिए विशेष मान्यता मिली। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर से चुनी गई महिलाएं शामिल हुईं।

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। छत्तीसगढ़ से कुल छह लखपति दीदियों ने समारोह में हिस्सा लिया। कोंडागांव जिला मिशन मैनेजर विनय सिंह के अनुसार, जिले में ग्रामीण आजीविका मिशन से 88 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। इनमें से 32 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

शिवराज सिंह लखपति दीदियों के साथ किया भोजन

कार्यक्रम में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखपति दीदियों के साथ रात्रि भोज किया। उन्होंने दीदियों के अनुभव सुने। इसके साथ ही महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

विनिता पटेल ने कहा कि उन्हें अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला। दोनों महिलाएं अब अपने गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। वे स्वरोजगार, उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण का उदाहरण पेश कर रही हैं।

 

Advertisements
Advertisement