Left Banner
Right Banner

उदयपुर: ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पुलिस ने शुरू किया पौधारोपण, 500 पौधे लगाने का लक्ष्य

उदयपुर: राजस्थान सरकार के महत्वाकांक्षी “हरियालो-राजस्थान” महाअभियान के तहत उदयपुर पुलिस भी अब हरित प्रदेश के लक्ष्य को साधने में जुटी है। इस अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) उदयपुर, योगेश गोयल के निर्देशन में जिले के विभिन्न पुलिस कार्यालयों, थानों, चौकियों और रिजर्व पुलिस लाइन में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है।

इसी कड़ी में आज, 3 जुलाई 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन, उदयपुर में पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। एसपी योगेश गोयल ने स्वयं एक पौधा लगाकर इस पहल का शुभारंभ किया। अभियान के तहत रिजर्व पुलिस लाइन में कुल 500 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से आज पहले दिन 150 नीम के पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर एसपी गोयल ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इन पौधों की देखरेख, संरक्षण और जिम्मेदारी लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को इस अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया, ताकि राजस्थान को वास्तव में एक हरित प्रदेश बनाया जा सके।

इस पौधारोपण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाडा, संचित निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन उदयपुर गुलाब सिंह कटारा, पुलिस निरीक्षक (अपराध सहायक) संजीव स्वामी, सेवानिवृत्त पुलिस उप अधीक्षक मदन सिंह और रिजर्व पुलिस लाइन के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान देगी, बल्कि पुलिस बल को भी इस महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य से जोड़ेगी।

Advertisements
Advertisement