Left Banner
Right Banner

उमंग सिंघार ने प्रज्ञा ठाकुर के विवादित बयान को बताया आपत्तिजनक, भाजपा पर साधा निशाना

भोपाल में पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर के हालिया बयान ने राज्य में राजनीति और समाज में हलचल मचा दी है। उन्होंने महिलाओं और युवतियों से मंदिरों के आस-पास निगरानी रखने, अंतरधार्मिक रिश्तों से परहेज़ करने और घरों में हथियार रखने का आह्वान किया। उनके बयानों को विपक्ष और मुस्लिम संगठनों ने नफरत फैलाने वाला बताया है और कार्रवाई की मांग की है।

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान को आपत्तिजनक करार देते हुए भाजपा पर निशाना साधा। सिंघार ने कहा कि भाजपा हमें हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने का आरोप लगाती है, लेकिन खुद पार्टी के नेता खुले मंच से विवादित बयानों में शामिल हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि प्रज्ञा ठाकुर ने विवादित बयान दिया हो।

सिंघार ने आगे कहा कि जब भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं होता, तो वह ऐसे बयान देकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करती है। उन्होंने राज्य में बेरोजगारी, महंगाई और भर्ती घोटालों जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने की बजाय लोगों को ऐसे विवादों में उलझाने का आरोप लगाया।

उल्लेखनीय है कि प्रज्ञा ठाकुर ने भोपाल के छोला मंदिर इलाके में दुर्गावाहिनी के पथ संचलन समारोह में महिलाओं और युवतियों को संबोधित करते हुए कहा था कि मंदिरों के पास गैर हिंदुओं के प्रसाद बेचने का विरोध किया जाना चाहिए और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने युवतियों और महिलाओं से कहा कि वे अंतरधार्मिक रिश्तों से दूर रहें और हर घर में दुर्गा स्थापित करने के साथ-साथ हथियार रखें।

इन बयानों पर विपक्ष और मुस्लिम संगठनों ने नफरत फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे साम्प्रदायिक बताते हुए प्रज्ञा ठाकुर और भाजपा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे बयान समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं और समुदायों के बीच विश्वास को कमजोर कर सकते हैं। वहीं राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी चुनावी रणनीति और राजनीतिक संदेश के रूप में भी देख रहे हैं।

इस विवाद के बीच विपक्ष ने स्पष्ट किया है कि प्रज्ञा ठाकुर के बयानों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और नफरत फैलाने वाले बयान देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisements
Advertisement