सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक महिला को 20 फीट घसीटते हुए पेड़ से जा टकराया। हादसे में महिला शव पेड़ और ट्रक बीच फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से 30 मिनट में शव को बाहर निकाला। मामला सीकर जिले के पाटन थाना क्षेत्र का है।
पाटन थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया-थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव निवासी गीता देवी (47) सुबह 9 बजे राजपुरा के नहर वाले बस स्टैंड पर पाटन जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इस दौरान कोटपूतली से पाटन की ओर जा रहा एक ट्रक ने महिला को चपेट में ले लिया और घसीटते हुए 20 फीट दूर स्थित एक पेड़ से जा टकराया। महिला पेड़ और ट्रक के बीच बुरी तरह से फंस गई।
सूचना पर पहुंची पाटन पुलिस ने मौके पर क्रेन बुलाकर 30 मिनट की मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला और पाटन अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ड्राइवर को अस्पताल में कराया भर्ती पुलिस ने बताया-हादसे में ट्रक ड्राइवर चावंड सिंह निवासी भीलवाड़ा के सिर और चेहरे पर चोट आई है। उसका पाटन अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के समय ड्राइवर नशे में था, अस्पताल में उसका मेडिकल भी कराया है।
10 साल पहले पति का हो चुका है निधन राजपुरा निवासी पवन यादव ने बताया-गीता देवी के पति का 10 साल पहले निधन हो चुका है। उसका एक बेटा सोनू (27) है। वह ट्रैक्टर चलाता है। पवन ने बताया कि गीता देवी रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर सामान खरीदने पाटन बाजार जा रहीं थी।
राखी पर भाई के घर जाने वाली थीं गीता देवी के पड़ोसी चंद्रभान ने बताया-हरियाणा के महेंद्रगढ़ में गीता देवी का पीहर है। वह हर साल अपने भाई को राखी बांधने के लिए वहां जाती थीं। महेंद्रगढ़ में उनके दो भाई रहते थे। जिसमें से एक की मौत हो चुकी है। गीता देवी मनरेगा में काम करतीं थीं।
पाटन थाना अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया-शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। महिला के बेटे ने थाने में रिपोर्ट दी है। ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।