छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। शुक्रवार को आंदोलन के 5वें दिन, महिला NHM कर्मचारियों ने मेंहदी से अपने हाथों में मांगें लिखकर विरोध जताया।
शुक्रवार को बारिश होने के बावजूद कर्मचारियों ने आंदोलन नहीं रोका। उन्होंने हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखे थे। NHM कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
फेडरेशन और स्वास्थ्य संयोजक ने दिया समर्थन
NHM कर्मचारियों ने अपने दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर आंदोलन की शुरुआत की थी। इसके बाद से लगातार उनका विरोध प्रदर्शन जारी है।
आंदोलन के पांचवें दिन छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने NHM कर्मचारियों की मांगों को उचित बताया और उनके आंदोलन को अपना समर्थन दिया।